महिंद्रा एंड महिंद्रा ने टोक्यो पैरालंपिक 2021 की गोल्ड मेडलिस्ट अवनी लेखरा को कस्टमाइज्ड XUV700 गिफ्ट की है। अवनी ने 10 मीटर एयर राइफल में शानदार परफॉर्मेंस करते हुए गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल जीता था। XUV700 को प्रताप बोस ने डिजाइन किया है। यह एक स्पेशल सीट के साथ आती है। इसके एक्सटीरियर और इंटीरियर में कई बदलाव किए गए हैं।अवनी की XUV700 एक खास सीट के साथ आती है जिसमें फॉरवर्ड और रिटर्न फंक्शन दिया है। सीट पहले आगे जाती है, फिर घूमती है ताकि SUV के बाहर आ सके। आखिर में इसे नीचे किया जा सकता है। जिससे ड्राइवर व्हीलचेयर से सीट पर आराम से शिफ्ट हो सके।

XUV700 के इंटीरियर में सभी 6 हेडरेस्ट पर गोल्डन एम्ब्रायडरी है। स्टीयरिंग व्हील पर महिंद्रा का लोगो गोल्ड में फिनिश किया गया है। डैशबोर्ड पर SH1-10 M बैजिंग के साथ गोल्ड स्टिचिंग है। इसी बैजिंग को टेलगेट और साइड फेंडर में भी आगे बढ़ाया गया है। सभी बैज गोल्डन कलर में फिनिश हो गए हैं। आगे के वर्टिकल स्लैट भी गोल्डन में फिनिश हो गए हैं। इससे XUV700 दूसरे मॉडल से एकदम अलग दिखती है।

XUV700 का पेट्रोल इंजन 200 PS की मैक्सिमम पावर और 380 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। MX ट्रिम में डीजल इंजन 155 पीएस की मैक्सिमम पावर और 360 एनएम का पीक टॉर्क जनरेट करता है। यह सिर्फ मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है। वहीं, AX ट्रिम में इंजन 185 PS और 420 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। दोनों इंजनों को 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स या 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया है।


XUV700 को मिडनाइट ब्लैक पेंट स्कीम में फिनिश किया गया है जो रेगुलर XUV700 पर भी ऑफर की जाती है। आनंद महिंद्रा और प्रताप बोस ने भी कस्टम मेड XUV700 के बारे में सोशल मीडिया पर शेयर किया है। अवनी ने कस्टम XUV700 बनाने के लिए महिंद्रा और आनंद महिंद्रा की पूरी टीम को थैक्स कहा है। उन्होंने लिखा इस तरह की कारें बेहतर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम हैं। महिंद्रा ने हाल ही में XUV700 की कीमतों में बढ़ोतरी की है। अब इस SUV की एक्स-शोरूम कीमत 12.95 लाख रुपए से लेकर 21.79 लाख रुपए तक है। XUV700 को 5 और 7 सीटर दोनों ऑप्शन में खरीद सकते हैं।