मशहूर वेब शो पवित्र रिश्ता 2 के अभिनेता शाहीर शेख पर दुखों को पहाड़ टूट पड़ा है। अभिनेता के पिता शाहनवाज शेख का इंतकाल हो गया है। हाल ही में शाहनवाज शेख कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। संक्रमण तेज बढ़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। शाहीर शेख के पिता को वैंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन अब शाहनवाज शेख जिंदगी की जंग हार गए हैं।

शाहीर शेख के पिता के इंतकाल की जानकारी टीवी अभिनेता अली गोनी ने दी है। अली गोनी ने सोशल मीडिया के जरिए शाहीर शेख के पिता के इंतकाल के लिए शोक जताया है। अली गोनी ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'इन्ना लिल्लाही व इन्ना इलैही राजिऊन, अल्लाह अंकल की रूह को शांति दे। भाई शाहीर शेख मजबूत रहो।' सोशल मीडिया पर अली गोनी का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है।

शाहीर शेख के फैंस और तमाम सोशल मीडिया यूजर्स उनके ट्वीट पर शोक जता रहे हैं। साथ ही अभिनेता के पिता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इससे पहले शाहीर शेख ने सोशल मीडिया पर अपने पिता के कोविड-19 से संक्रमित होने की जानकारी दी थी। साथ ही यह भी बताया है कि उनके पिता की हालत काफी नाजुक है और वह वैंटिलेटर पर हैं। शाहीर शेख ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर पिता की एक तस्वीर शेयर की थी।

इस तस्वीर में उन्होंने पिता को कोविड-19 से संक्रमित होने के बारे में बताया था और अपने फैंस से पिता के लिए दुआ मांगने की अपील की थी। शाहीर शेख ने अपने ट्वीट में लिखा, 'दोस्तों मेरे पिता वैंटिलेटर पर हैं। वह कोविड से जंग लड़ रहे हैं। कृपया उनके लिए प्रार्थना करें ताकि वो ठीक हो जाएं।' शाहीर शेख के इस ट्वीट पर फैंस सहित कई टीवी सितारों ने उनके पिता के जल्द ठीक होने की कामना की थी।