नई उम्मीदों के साथ नए साल (New Year 2022) की शुरुआत हो चुकी है। लोगों ने बीती रात जमकर जश्न मनाया। नाचा-गाया। शायद इसी वजह से 1 जनवरी को उनकी नींद भी देर से खुलेगी, लेकिन बॉलिवुड के 'खिलाड़ी कुमार' यानी अक्षय कुमार चाहे कुछ भी हो जाए, अपना नियम नहीं तोड़ते। उन्होंने अपने इस रिवाज को नए साल पर भी कायम रखा। वो इस समय अपनी फैमिली के साथ मालदीव में वेकेशन इंजॉय कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने नए साल की शुरुआत भी भोर में उठकर और गायत्री मंत्र पढ़कर अपने पुराने अंदाज में ही की।

अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो शेयर किया है। इसमें मालदीव की खूबसूरत लोकेशन दिखाई दे रही है। एक तरफ सूर्य उदय हो रहा है तो दूसरी तरफ अक्षय सूरज की तरफ हाथ जोड़कर गायत्री मंत्र पढ़ रहे हैं। उनका ये डेली रुटीन है, जिसे वो कभी टूटने नहीं देते हैं। ऐक्टर ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है- 'नया साल, वही मैं। उठा और अपने पुराने दोस्त सूरज को नमस्कार किया और कोरोना को छोड़कर सभी पॉजिटिव चीजों के साथ मेरे 2022 की शुरुआत की। सभी के अच्छे स्वास्थ्य और खुशी के लिए प्रार्थना। हैप्पी न्यू ईयर।'
अक्षय ने वाइफ ट्विंकल खन्ना और बेटी नितारा के साथ न सिर्फ मालदीव में नए साल का जश्न मनाया, बल्कि ट्विंकल का बर्थडे भी वहीं पर सेलिब्रेट हुआ। 'अतरंगी रे' की रिलीज के बाद ही अक्षय मालदीव चले गए थे और परिवार के साथ वहां क्वालिटी टाइम स्पेंड कर रहे हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार कई प्रोजेक्ट्स में नज़र आने वाले हैं। उनके पास 'रक्षा बंधन', 'रामसेतू', 'पृथ्वीराज', 'बच्चन पांडे' और 'OMG 2' में दिखाई देंगे।