कोरोना पॉजिटिव महिला का शव ओडिशा के जिला प्रशासन द्वारा लेने से मना करने के बाद अंतिम संस्कार छत्तीसगढ़ में किया गया। बस्तर जिले की सीमा से ओडिशा लगा हुआ है। जगदलपुर स्थित डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में ओडिशा की एक महिला इलाज के लिए भर्ती हुई थी। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। एंटीजन जांच में कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तहसीलदार को जानकारी देने पर उन्होंने शव ओडिशा लाने से मना कर दिया। बस्तर कलेक्टर तक मामला पहुंचने के बाद जगदलपुर के शवदाह गृह में महिला का अंतिम संस्कार किया गया। ओडिशा के नवरंगपुर जिले के तरुंदीही गांव की 32 वर्षीय महिला डॉली पाल की बस्तर जिले के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में 20 जनवरी को मौत हो गई। उसे 19 जनवरी को तबीयत खराब होने पर नान कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया था। मृत्यु के बाद एंटीजन जांच में कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 21 जनवरी को महिला के परिजन शव को ओडिशा ले जाने के लिए नवरंगपुर के तहसीलदार से संपर्क किया।तहसीलदार ने कोरोना पॉजिटिव होने के कारण शव को ओडिशा लाने से साफ मना कर दिया। गमजदा परिवार ने जगदलपुर नगर निगम के आयुक्त को इसकी जानकारी दी। कलेक्टर को भी मामले की जानकारी मिली। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर जगदलपुर में महिला के शव का संस्कार किया गया।