प्रधानमंत्री जी ने जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाकर डॉ. मुखर्जी का सपना साकार किया,डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के वीर पक्षों को आगे लाने का कार्य किया जाएगा- डॉ. मोहन यादव,डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलकर 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने कार्य करेंगे कार्यकर्ता,बलिदान दिवस से जयंती तक हर कार्यकर्ता एक पेड़ मां के नाम से रोंपे- श्री विष्णुदत्त शर्मा                                                                                                                                                                                                                                                                                                          भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय के सामने स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी सहित पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हे नमन किया। इसके पश्चात प्रदेश कार्यालय प्रांगण में स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए एवं पौधारौपण किया। भाजपा द्वारा प्रदेश भर में बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। 

डॉ. मुखर्जी ऐसे महानायक जिन्होंने आजादी के पहले व बाद की विभीषिका को भांप लिया था- डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऐसे महानायक थे जो आजादी के पहले और बाद की विभीषिका को भांप लिया था। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने आजादी से पहले अंग्र्रेजों के बंगभंग करने की साजिश को भांपकर आंदोलन चला दिया था। वहीं आजादी के बाद कश्मीर समस्या को भांपकर आंदोनल किया और जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने बलिदान दे दिया। जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाने के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने साकार किया है। आजादी के तुरंत बाद ही जम्मू-कश्मीर की समस्या को भांप लेना और उसके समाधान के लिए मंत्री पद त्याग कर जनसंघ की स्थापना कर आंदोलन करना यह कार्य डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे देश के सच्चे वीर सपूत और महानायक ही कर सकते हैं। देश के दो महानायकों डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय की संदिग्ध मौत का जिम्मेदार कौन है, इसका आज तक पता नहीं चला है। प्रधानमंत्री जी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर 1951-1952 की सरकार द्वारा लगाए गए  कलंक को धोने का कार्य किया है। यह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्चे अर्थों में श्रद्धांजलि है। डॉ. मुखर्जी के वीर पक्षों को आगे लाने का कार्य किया जाएगा। मैं अपनी ओर से डॉ. मुखर्जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

डॉ. मुखर्जी मौलिक चिंतक, राष्ट्रवादी विचारक, भारतीय जीवन मूल्यों के संस्कारित पुजारी थे - श्री विष्णुदत्त शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि देश के लिए अपना बलिदान देने वाले वीर महापुरूष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के श्री चरणों में आज मध्यप्रदेश भाजपा का हर कार्यकर्ता श्रद्धासुमन अर्पित करता है। आज ऐसे सपूत को श्रद्धांजलि देने हम यहां एकत्रित हुए हैं जिनके संकल्प से कश्मीर से धारा-370 हटी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मौलिक चिंतक, राष्ट्रवादी विचारक, भारतीय जीवन मूल्यों के संस्कारित पुजारी थे। उन्होंने ही भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी, वही जनसंघ आज विश्व के सबसे बड़े व सर्वव्यापी राजनैतिक दल भाजपा के रूप में आप सबके सामने है। डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस से 6 जुलाई जयंती के दिन तक एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जा रहा है। मैं मध्यप्रदेश भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान करता हूं कि सभी कार्यकर्ता एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अपनी मां के नाम से एक पेड़ लगाएं। यह अभियान प्रदेशभर में 6 जुलाई तक चलाया जाएगा।   

भाजपा प्रदेश कार्यालय में पुष्पांजलि कर किया पौधरोपण
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी, केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास उइके, प्रदेश महामंत्री व विधायक श्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में डॉ. मुखर्जी के बलिदान दिवस पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण भी किया। इसके पश्चात पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय स्थित डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर प्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह जादौन, प्रदेश महामंत्री व विधायक श्री भगवानदास सबनानी, महापौर श्रीमती मालती राय, प्रदेश मंत्री श्री लोकेन्द्र पाराशर, श्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, सांसद श्री गणेश सिंह, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, श्री प्रदीप लारिया, जिला अध्यक्ष श्री सुमित पचौरी,जबलपुर से रविकरण साहू अध्यक्ष तेलघानी बोर्ड मप्र शासन,होशंगाबाद बुदनी से नर्मदा प्रसाद साहू प्रदेश उपाध्यक्ष राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन मध्यप्रदेश,भाजपा झुग्गी झोपड़ी अध्यक्ष महेन्द्र दवे, पूर्व सांसद श्री आलोक संजर, श्री एसएस उप्पल, नगर निगम अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी, मीडिया पैनलिस्ट एड. सचिन वर्मा, श्रीमती वंदना त्रिपाठी, श्री अजय यादव सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रदेश के सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश के सभी बूथों पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर रविवार को श्रद्धासुमन अर्पित किए। भाजपा के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी बूथों पर कार्यक्रम आयोजित कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धासुमन अर्पित कर डॉ. मुखर्जी को याद किया।   

आशीष उषा अग्रवाल/बीके इंजी नरेश बाथम

न्यूज़ सोर्स : pradesh media/mp1news Bhopal