मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पर्यटन विकास को मिलेगा नया आयाम।

राजधानी भोपाल में 11 से 13 अक्टूबर तक कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होने जा रहा “मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट (MPTM) 2025” राज्य के पर्यटन इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। यह आयोजन मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रदेश को ‘अतुल्य भारत के हृदय’ के रूप में स्थापित कर विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाना है।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पर्यटन मंत्री श्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी एवं पर्यटन विभाग की प्रमुख सचिव श्री शिवशेखर शुक्ला ने आज पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि यह भारत का सबसे बड़ा राज्य स्तरीय ट्रैवल मार्ट होगा। इसमें देश-विदेश के होटलियर, ट्रैवल और टूर ऑपरेटर, होमस्टे संचालक, फिल्म निर्माता, सेलर्स और पर्यटन हितधारक शामिल होंगे।

वैश्विक सहभागिता और कारोबारी संवाद: इस तीन दिवसीय आयोजन में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि और 27 अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों से सहभागिता होगी। विदेशी और घरेलू दोनों श्रेणी के 700 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे, जिनमें 355 सेलर्स, मीडिया प्रतिनिधि और 3000 से अधिक बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) मीटिंग्स होंगी। यह अब तक का मध्यप्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में हुआ सबसे बड़ा कारोबारी संवाद सिद्ध होगा।


मुख्य आकर्षण और विशेष पैनल चर्चा: आयोजन के दौरान तीन प्रमुख विषयों पर विशेष पैनल डिस्कशन होंगे –

1. “मध्यप्रदेश: हिडन जेम्स से ग्लोबल आइकॉन तक” – राज्य की समृद्ध धरोहर, वन्यजीवन, इको-टूरिज्म और जीवन शैली पर केंद्रित।
2. “फ्रॉम रील टू रियल प्रोस्परिटी: फिल्म सेक्टर इन मध्यप्रदेश” – फिल्म निर्माण और फिल्म आधारित पर्यटन की संभावनाओं पर चर्चा।
3. “सांस्कृतिक प्रदर्शन और उत्पाद” – प्रदेश के पारंपरिक हस्तशिल्प, व्यंजन और लोकसंस्कृति की झलक।


इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आयोजित विशेष सत्र में ‘इन्वेस्ट इन एमपी टूरिज्म’ थीम पर निवेश और साझेदारी की दिशा में चर्चा होगी। प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक झलक:मार्ट में 120 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें गोंड आर्ट, चंदेरी और महेश्वरी साड़ी, पारंपरिक हस्तकला और स्थानीय उत्पाद प्रदर्शित होंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सुविख्यात नृत्यांगना सुची बैध्वी पहाड़ी का नृत्य प्रदर्शन तथा बैंड बैक की संगीतमय प्रस्तुति होगी। लोकनृत्य और जनजातीय कलाकार भी प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत करेंगे।

पूर्व आयोजन और अनुभव यात्राएँ (FAM Trips):मुख्य आयोजन से पहले 9 अक्टूबर को देश-विदेश के पर्यटन इन्फ्लुएंसर्स की विशेष मीट होगी। साथ ही 13 विशेष FAM ट्रिप्स आयोजित की जाएंगी, जिनमें लगभग 200 प्रतिनिधि मध्यप्रदेश के विविध पर्यटन सर्किट — वन्यजीव, धरोहर, संस्कृति और अध्यात्म का अनुभव करेंगे।

मुख्यमंत्री की प्रेरणा से ‘लोकल फॉर वोकल’ का साकार रूप: पर्यटन मंत्री श्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ विजन से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश पर्यटन को नई ऊँचाइयाँ मिल रही हैं। यह आयोजन प्रदेश को ‘ग्लोबल आइकॉन इन टूरिज्म’ के रूप में पहचान दिलाएगा और निवेश, सहयोग एवं रोजगार के नए द्वार खोलेगा।

भविष्य के लिए नई संभावनाएँ: ट्रैवल मार्ट के माध्यम से मध्यप्रदेश पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलेगी।
प्रदेश में निवेश, रोजगार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में अभूतपूर्व संभावनाएँ खुलेंगी।
यह आयोजन न केवल पर्यटन क्षेत्र को गति देगा बल्कि मध्यप्रदेश को भारत के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में अग्रणी बनाएगा।

सांस्कृतिक प्रदर्शन और उत्पाद | निवेश सत्र | वैश्विक कारोबारी संवाद — MPTM 2025 बनेगा पर्यटन का महाकुंभ

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal