भोपाल 03 नवम्बर/मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश में औद्योगिक साझेदारी को नई उड़ान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्री नंद गोपाल गुप्ता की बैठक में बने कई अहम निर्णय।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास, समस्त भवन में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें मध्य प्रदेश की नई औद्योगिक नीति की प्रति भेंट कर प्रदेश की औद्योगिक प्रगति और निवेश संभावनाओं की जानकारी साझा की।
बैठक में दोनों राज्यों के बीच औद्योगिक सहयोग, निवेश संवर्धन और पारस्परिक व्यापारिक साझेदारी को नई दिशा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश भौगोलिक रूप से जुड़वां राज्य हैं, और दोनों की साझेदारी से मध्य भारत को नए औद्योगिक विकास केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि बैठक में यह सहमति बनी कि दोनों राज्य एमएसएमई, लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल, फार्मा, फूड प्रोसेसिंग और पर्यटन क्षेत्र में संयुक्त परियोजनाओं को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही निवेशकों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम, भूमि बैंकिंग और औद्योगिक कॉरिडोर विकास के प्रस्तावों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को साकार करने के लिए राज्यों के बीच सहयोग और प्रतिस्पर्धा दोनों आवश्यक हैं। हम उद्योगों के लिए ऐसी नीति बना रहे हैं जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता के अवसर मिल सकें।”
बैठक के अंत में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने मध्य प्रदेश की औद्योगिक नीति की सराहना करते हुए कहा कि दोनों राज्यों के बीच सहयोग से उत्तर भारत में विकास की नई ऊर्जा का संचार होगा।
बैठक में संयुक्त औद्योगिक परियोजनाओं, निवेश सुविधा तंत्र, भूमि बैंकिंग और रोजगार सृजन पर ठोस कदम उठाने का निर्णय हुआ — जिससे मध्य व उत्तर भारत में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। बैठक में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप, कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल, मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, प्रमुख सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

छोटे बच्चों में कब्ज के कारण और आसान घरेलू उपाय
भीषण गर्मी में कारगर है ये एक शरबत, जानें बनाने का तरीका
नए सत्र में बड़ा कदम: 68 कॉलेजों में AI सर्टिफिकेट कोर्स शुरू, 2000 छात्रों को मिलेगा प्रशिक्षण
गगनयान की बड़ी सफलता: क्रू मॉड्यूल लैंडिंग के बाद वैज्ञानिकों के चेहरे खिले