भोपाल 24नवम्बर/ पशुपालन मंत्री लखन पटेल की अध्यक्षता में मंत्रालय में विभागीय समीक्षा बैठक संपन्न
मध्य प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक मंत्रालय में संपन्न हुई। बैठक में विभाग की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन और आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मंत्री लखन पटेल ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि विभाग से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण गतिविधियों और लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र के दौरान विभागीय उपलब्धियों को सशक्त रूप से प्रस्तुत करने के लिए आवश्यक है कि योजनाओं के वास्तविक लाभ ज़मीन पर दिखाई दें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पशुओं में बीमारी नियंत्रण, टीकाकरण अभियान, गौ-सेवा से जुड़े कार्यक्रम, तथा डेयरी विकास योजनाओं की प्रगति को प्राथमिकता दी जाए।
मंत्री पटेल ने विशेष रूप से गोवंश संरक्षण, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की रणनीति और ग्रामीण स्तर पर दुग्ध सहकारी समितियों को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर किसान परिवार तक पशुपालन आधारित आय के विकल्प को सुरक्षित और लाभकारी रूप में पहुंचाया जाए।
बैठक में मंत्री ने विभागीय कार्यशैली में पारदर्शिता, समयबद्धता और फील्ड लेवल की सतत मॉनिटरिंग पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जिले यह सुनिश्चित करें कि टीकाकरण अभियान, नस्ल सुधार कार्यक्रम, चारागाह विकास, तथा पशु चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
अंत में मंत्री लखन पटेल ने कहा कि विभाग की योजनाएँ ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आत्मनिर्भरता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए टीम भावना और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग शीतकालीन सत्र से पूर्व सभी लक्ष्यों को पूर्ण कर एक मजबूत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा,बैठक में प्रमुख सचिव श्री उमाकांत उमराव, संचालक डॉ. पी.एस. पटेल, पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम के कार्यपालिक संचालक डॉ. प्रवीण शिंदे और उपसंचालक डॉ. प्रियकांत पाठक उपस्थित रहे।

बांकुरा रैली: पीएम मोदी का टीएमसी पर हमला, 'निर्मम सरकार' को बताया महिला विरोधी