मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग के आयुक्त दीपक सक्सेना के साथ आज हुए तीन चरणों के संवाद ने विभागीय वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा भरते हुए समाधान का मार्ग प्रशस्त किया। जनसंपर्क अधिकारी संघ, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ, चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ तथा वाहन चालक संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि आयुक्त द्वारा विभिन्न लंबित मामलों पर व्यवहारिक, समयबद्ध और ठोस कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद कलमबंद हड़ताल स्थगित करने का सामूहिक निर्णय लिया गया है।

बैठकों में विशेष रूप से पदस्थापना से जुड़े प्रकरण, अधिकारियों-कर्मचारियों की कैडर संबंधी समस्याएं, विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार, दायित्व निर्धारण, तथा बाह्य सहायताकर्मियों के कार्यस्थल संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त सक्सेना ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक रुख रखते हुए कहा कि विभागीय स्तर पर तत्काल समीक्षा कर आवश्यक आदेश शीघ्र जारी किए जाएंगे।

आयुक्त जनसंपर्क की ओर से जारी जानकारी में कहा गया कि तीनों सत्रों की चर्चा सौहार्दपूर्ण रही तथा सभी संघों द्वारा दिए गए सुझावों को विभागीय सुधार प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

संघों ने भरोसा जताया कि आयुक्त के नेतृत्व में समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से होगा और विभागीय कार्य सुचारू रूप से जारी रहेंगे।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal