विधानसभा प्रांगण में कहा—चंबल के गौरव, संघर्ष और संस्कृति को समझने का यह महत्वपूर्ण दस्तावेज।

मध्य प्रदेश विधानसभा प्रांगण में आज एक गरिमामयी समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक देव श्रीमाली की बहुप्रतीक्षित पुस्तक “चंबल संस्कृति एवं विरासत” का विमोचन किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व विधायक रामनिवास रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चंबल सिर्फ एक भूगोल नहीं, बल्कि वीरता, संघर्ष, समृद्ध परंपराओं और अनूठी जीवन शैली का जीवंत इतिहास है। उन्होंने कहा कि देव श्रीमाली जैसे अनुभवी पत्रकार ने चंबल अंचल की लोकसंस्कृति, सामाजिक ताने-बाने, जन-आंदोलनों, लोककथाओं और ऐतिहासिक विरासत को जिस शोधपूर्ण तरीके से पुस्तक में प्रस्तुत किया है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर साबित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबल क्षेत्र को विकास के नए रास्तों पर ले जाने के लिए उसकी सांस्कृतिक जड़ों को समझना आवश्यक है, और यह पुस्तक उस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देती है।

मुख्यमंत्री ने लेखक को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी कृतियाँ क्षेत्रीय इतिहास और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चंबल के समग्र विकास, पर्यटन विस्तार और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, और यह पुस्तक उन प्रयासों को भी नई दृष्टि प्रदान करेगी।

विधानसभा प्रांगण में आयोजित यह समारोह साहित्य, संस्कृति और सार्वजनिक जीवन के समन्वय का सुंदर उदाहरण बना, जिसमें चंबल की गरिमा और गौरव की ध्वनि स्पष्ट रूप से अनुभव की गई।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal