राजधानीवासियों का वर्षों पुराना सपना आखिरकार साकार हो गया। शनिवार शाम भोपाल मेट्रो का भव्य शुभारंभ केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने स्वयं मेट्रो में सवार होकर सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से एम्स मेट्रो स्टेशन तक यात्रा की और भोपाल मेट्रो के पहले सफर के साक्षी बने।

मेट्रो यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ राज्य सरकार के कई कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधि और भोपाल मेट्रो से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। ट्रेन के भीतर उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। पहली मेट्रो सवारी ने भोपाल के शहरी परिवहन में एक नए युग की शुरुआत का संकेत दिया।

एम्स मेट्रो स्टेशन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मेट्रो से भोपाल को देखने का अनुभव बेहद सुखद रहा। उन्होंने कहा, “मेट्रो से देखने पर भोपाल बहुत सुंदर लगा। जनता में जबरदस्त उत्साह है। वकील, पत्रकार, युवा और बच्चे सभी मेट्रो को लेकर रोमांचित हैं। मौसम भी अनुकूल है और आज का दिन भोपाल के लिए ऐतिहासिक बन गया है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां-जहां मेट्रो चलती है, वहां विकास को गति मिलती है और शहर की अर्थव्यवस्था, आवागमन और रोजगार के अवसरों को नई मजबूती मिलती है। उन्होंने भोपाल मेट्रो को राजधानी के विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण मध्य प्रदेश को लगातार आधुनिक बुनियादी ढांचे का लाभ मिल रहा है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी भोपाल मेट्रो परियोजना की सराहना करते हुए इसे स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि मेट्रो से न केवल ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि रविवार सुबह से भोपाल मेट्रो के दरवाजे आम नागरिकों के लिए खुल जाएंगे। राजधानीवासियों के लिए यह सिर्फ एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि तेज, सुरक्षित और आधुनिक भोपाल की ओर बढ़ता एक मजबूत कदम है। सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से एम्स मेट्रो स्टेशन यात्रा के दौरान भोपाल में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ सरकार में शहरी प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के साथ वरिष्ठ पत्रकार नितिन दुबे, नावेद खान, आजम खान, एवं mp1 न्यूज़ के पत्रकार नरेश बाथम विशेष रूप से उपस्थित रहे।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal