मंत्री परिषद की बैठक में बड़े फैसले: बड़वाह–धामनोद 4-लेन मार्ग, आंगनवाड़ी–पोषण योजनाओं को निरंतरता और किसानों के लिए मौसम नेटवर्क को मंजूरी। 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में मंत्रि-परिषद की बैठक वंदे मातरम गान के साथ संपन्न हुई। बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बुनियादी ढांचे, महिला-बाल कल्याण, शिक्षा और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई अहम स्वीकृतियां प्रदान की गई हैं।

मंत्री परिषद ने बड़वाह–धामनोद 4-लेन मार्ग (लंबाई 62.795 किमी) के उन्नयन एवं निर्माण के लिए 2,508 करोड़ 21 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। यह परियोजना हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (HAM) के तहत क्रियान्वित होगी, जिसमें 10 बायपास, 5 वृहद पुल, 23 मध्यम पुल, 12 VUP/SVUP, 7 वृहद जंक्शन और 56 मध्यम जंक्शन का निर्माण शामिल है। परियोजना लागत का 40 प्रतिशत राज्य राजमार्ग निधि से और शेष 60 प्रतिशत राशि 15 वर्षों तक राज्य बजट से एन्यूटी के रूप में दी जाएगी।

बैठक में सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 योजना को आगामी पांच वर्षों (2026-27 से 2030-31) तक निरंतर जारी रखने की स्वीकृति दी गई। इस योजना के अंतर्गत पूरक पोषण आहार, शाला-पूर्व शिक्षा, आंगनवाड़ी भवन निर्माण, पोषण अभियान, किशोरी बालिका योजना तथा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। यह योजना प्रदेश के सभी 55 जिलों में 97,882 आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित होगी।

मंत्री परिषद ने मध्यप्रदेश धर्मशास्त्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, जबलपुर के द्वितीय चरण के भवन निर्माण हेतु 197 करोड़ 13 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की। साथ ही, किसानों के हित में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत WINDS कार्यक्रम के लिए 434 करोड़ 58 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं, जिसके तहत तहसील स्तर पर स्वचालित मौसम केंद्र और ग्राम पंचायत स्तर पर रेनगेज स्थापित होंगे। इन निर्णयों से प्रदेश में अधोसंरचना विकास, सामाजिक कल्याण और कृषि क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal