दो वर्षों में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने रचा पारदर्शिता और सेवा का नया कीर्तिमान। 

मध्य प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बीते दो वर्षों में विभाग ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली, उपभोक्ता संरक्षण, किसान हित और गैस आपूर्ति के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल की हैं। वे मंगलवार को होटल पलाश रेजिडेंसी, भोपाल के सभागार में “विकास और सेवा के दो वर्ष” पूर्ण होने पर आयोजित पत्रकार चर्चा को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री राजपूत ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत प्रदेश के 5 करोड़ 25 लाख से अधिक हितग्राहियों को लगभग 22 हजार 800 करोड़ रुपये मूल्य का नि:शुल्क खाद्यान्न वितरित किया गया। राशन वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता कार्यक्रम लागू किया गया, जिसके तहत एसएमएस के माध्यम से हितग्राहियों को राशन आगमन एवं वितरण की सूचना दी जा रही है। साथ ही 26 जनवरी और 2 अक्टूबर को ग्राम सभाओं में पात्र हितग्राहियों की सूची का वाचन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए अब तक 4 करोड़ 97 लाख हितग्राहियों का सत्यापन पूर्ण हो चुका है, जो लगभग 93 प्रतिशत है। 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों, 80 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धों एवं दिव्यांगजनों सहित लगभग 15 लाख हितग्राहियों को ई-केवाईसी से छूट दी गई है। वहीं 14 लाख नए पात्र हितग्राहियों को जोड़ा गया है। वन नेशन–वन राशन कार्ड योजना के अंतर्गत प्रतिमाह औसतन 39 हजार परिवार अन्य राज्यों में तथा 6 हजार परिवार अन्य राज्यों से मध्यप्रदेश में राशन प्राप्त कर रहे हैं। जनजातीय एवं पहुंचविहीन 89 गांवों में “आपका राशन आपके द्वार” योजना संचालित है। उज्ज्वला एवं गैर-उज्ज्वला योजनाओं के तहत 6 करोड़ 17 लाख गैस रिफिल कराई गईं, जिन पर 911 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया।

मंत्री राजपूत ने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं-धान खरीदी से लगभग 28 लाख किसानों को 51 हजार करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। नाप-तौल विभाग के सत्यापन एवं निरीक्षण से 49 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित हुआ तथा उपभोक्ता आयोगों के कंप्यूटरीकरण से 3 लाख से अधिक प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया गया। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, खाद्य आयुक्त, वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के प्रतिनिधि, नाप-तौल एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal