मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राज्य सरकार जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जी राम जी योजना के लिए सरकार द्वारा पर्याप्त बजट का प्रावधान किया गया है और इसमें किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री यह बात बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, भोपाल में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्ष 2026 को सरकार “किसान, युवा और महिला सशक्तिकरण वर्ष” के रूप में मनाएगी। राज्य सरकार की नीति है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि जी राम जी योजना के माध्यम से गरीब, श्रमिक और जरूरतमंद वर्ग को सीधा लाभ दिया जा रहा है और यह योजना सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार बन चुकी है। डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए बहुआयामी कार्य कर रही है। सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, किसानों को समय पर बीज और खाद उपलब्ध कराना, समर्थन मूल्य पर फसल खरीदी और कृषि आधारित रोजगार को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना सरकार का संकल्प है, और इसी दिशा में ठोस फैसले लिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को लेकर कहा कि रोजगार सृजन के लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण बनाया गया है, जिससे प्रदेश में नए रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी समय में विभिन्न योजनाओं के तहत हजारों युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। महिलाओं के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए संवेदनशील है। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और जनता के विश्वास पर खरी उतरेगी।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal