आत्म-परिवर्तन से ही संभव है वैश्विक शांति-अवधेश प्रताप सिंह

ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के साकार संस्थापक प्रजापिता ब्रह्मा बाबा की 57वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर 18 जनवरी 2026 को भोपाल के अरेरा कॉलोनी स्थित राजयोग भवन, क्षेत्रीय कार्यालय में श्रद्धा, साधना और शांति से ओतप्रोत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान द्वारा इस पावन दिवस को प्रतिवर्ष “विश्व शांति दिवस” के रूप में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य आत्म-परिवर्तन के माध्यम से विश्व में शांति की भावना को सशक्त करना है। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए ब्रह्माकुमार दीपेन्द्र भाई ने बताया कि इस दिन विश्वभर के ब्रह्मावत्स एक साथ राजयोग अभ्यास कर विश्व शांति की सकारात्मक प्रकम्पन्न फैलाने का संकल्प लेते हैं। इस अवसर पर विशेष राजयोग ध्यान एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अवधेश प्रताप सिंह,अध्यक्ष, मध्य प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि “शरीर को सशक्त बनाने के लिए हम व्यायाम करते हैं, लेकिन आज सबसे अधिक आवश्यकता मन और बुद्धि को सशक्त बनाने की है। मन की शक्ति निरंतर योग, ध्यान और परमात्मा के संग से ही विकसित होती है। जैसे पौधे को प्रतिदिन जल की आवश्यकता होती है, वैसे ही मन को भी नियमित अभ्यास चाहिए।” उन्होंने प्रजापिता ब्रह्मा बाबा को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।गायत्री शक्तिपीठ से पधारे प्रताप सिंह जी ने कहा कि “जिस प्रकार किसी मोटर को चलाने के लिए ईंधन आवश्यक है, उसी प्रकार शरीर रूपी यंत्र को चलाने के लिए ब्रह्मचर्य शक्ति अनिवार्य है। श्रेष्ठ संस्कार ही मनुष्य को महान बनाते हैं।”

ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने आशीर्वचन में कहा कि सभी को सुख देना और सुख लेना ही सच्चा जीवन है तथा प्रत्येक व्यक्ति को गुणों और कलाओं से संपन्न बनना चाहिए। ब्रह्माकुमारी नीता बहन ने राजयोग के माध्यम से उपस्थितजनों को परमात्मा एवं दिव्य गुणों की अनुभूति कराई। वहीं ब्रह्माकुमारी संगीता बहन ने प्रजापिता ब्रह्मा बाबा के जीवन के 18 दिव्य कदमों—प्रेम, सम्मान, सेवा, सादगी, विनम्रता, आत्मदृष्टि और सर्व के प्रति शुभचिंतन—पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्श जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि यह दिन तपस्या, आत्म-परिवर्तन और श्रेष्ठ जीवन निर्माण का प्रतीक है।अंत में सभी ने विश्व शांति, शुभ भावना और शुभकामनाओं का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन बी.के. आशीष भाई (ग्वालियर) द्वारा अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal