भोपाल 19जनवरी/WEF दावोस 2026, स्वच्छ ऊर्जा निवेश के वैश्विक मंच पर मध्यप्रदेश की सशक्त मौजूदगी
मध्यप्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के नेतृत्व में राज्य का उच्चस्तरीय डेलीगेशन वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) दावोस में सहभागिता हेतु स्विट्ज़रलैंड के ज़्यूरिख़ पहुँचा। इस प्रतिनिधिमंडल में अपर मुख्य सचिव नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मनु श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह,प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग मनीष सिंह तथा जनसंपर्क आयुक्त दीपक सक्सेना प्रमुख रूप से शामिल रहे। डेलीगेशन के आगमन के साथ ही वैश्विक निवेशकों और उद्योग समूहों के बीच मध्यप्रदेश की स्वच्छ ऊर्जा नीतियों और निवेश संभावनाओं को लेकर उत्साह का वातावरण बना।
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम दावोस के दौरान अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने अमारा राजा समूह के अध्यक्ष एवं मैनेजिंग डायरेक्टर जय गल्ला से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने अंगवस्त्रम एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर मध्यप्रदेश सरकार की ओर से सम्मान प्रकट किया। बैठक के दौरान नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी स्टोरेज, सोलर एवं विंड एनर्जी के क्षेत्र में संभावित निवेश, तकनीकी सहयोग और राज्य की अनुकूल नीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई।अध्यक्ष एवं मैनेजिंग डायरेक्टर जय गल्ला ने मध्यप्रदेश में निवेश की व्यापक संभावनाओं की सराहना करते हुए भविष्य में सहयोग की सकारात्मक संभावनाएँ व्यक्त कीं।
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम दावोस में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री मध्यप्रदेश राकेश शुक्ला और प्रतिनिधि मंडल ने एनर्जी एंड इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अध्यक्ष श्रीनिवास बोमिडला से चर्चा की।
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम दावोस में केंद्रीय नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी का भी मध्यप्रदेश लाउन्ज में स्वागत किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने केंद्रीय मंत्री जोशी को प्रतीक चिन्ह एवं अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया।
केंद्रीय मंत्री ने इंडिया लाउन्ज के अंतर्गत स्थापित मध्यप्रदेश लाउन्ज का भ्रमण किया और राज्य द्वारा अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों, नीतिगत सुधारों तथा निवेश प्रोत्साहन उपायों की जानकारी प्राप्त की। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने मध्यप्रदेश की ऊर्जा नीति, निवेश-अनुकूल वातावरण और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि राज्य देश में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
WEF दावोस में मध्यप्रदेश की यह सक्रिय भागीदारी राज्य को वैश्विक स्वच्छ ऊर्जा निवेश के मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि मध्यप्रदेश देश के ऊर्जा परिवर्तन के लक्ष्य को गति देने में भी निर्णायक भूमिका निभाएगा।

हमने सीवर सफाई के काम को चुनौती के रुप में स्वीकार किया है और हम बदलाव लाकर दिखाएंगे : ऊर्जा मंत्री तोमर
दिशा दर्शन भ्रमण आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर मिले दो प्रतिष्ठित पुरस्कार
राज्यमंत्री गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश