वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम भारत की आर्थिक मजबूती का सशक्त मंच, मध्यप्रदेश निवेश और रोजगार का बनेगा नया केंद्र,नई दिल्ली से स्विट्जरलैंड के दावोस रवाना होने से पहले पत्रकारों से चर्चा कर देशवासियों को संदेश दे रहे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) भारत की आर्थिक मजबूती के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण वैश्विक मंच है। मध्यप्रदेश इस मंच पर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने, उद्योगों के विस्तार और निवेश को धरातल पर उतारने के स्पष्ट उद्देश्य के साथ भाग ले रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार ने नई दिल्ली से स्विट्जरलैंड के दावोस रवाना होने से पहले पत्रकारों से चर्चा कर देशवासियों को संदेश देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। हमारा मार्गदर्शक सिद्धांत है कि उद्योग, व्यापार और तकनीक के माध्यम से प्रदेश को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाया जाए। इसके लिए विश्व के प्रमुख उद्यमियों को बेहतर तकनीक और रोजगारपरक निवेश के लिए आमंत्रित करना आवश्यक है। युवाओं को रोजगार मिले और प्रदेश के उत्पाद सही ढंग से वैश्विक बाजार तक पहुंचें, यही हमारी प्राथमिकता है।

डॉ. यादव ने कहा कि जैविक कृषि मध्यप्रदेश की बड़ी ताकत है। खाद्य प्रसंस्करण से लेकर कपास, वस्त्र उद्योग और अन्य कृषि आधारित क्षेत्रों में व्यापार और व्यवसाय के व्यापक अवसर मौजूद हैं। इन सभी संभावनाओं को साकार करने के लिए राज्य सरकार उद्योगों को हरसंभव सहयोग दे रही है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब विश्व की तीसरी सबसे सशक्त अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। ऐसे बदलते वैश्विक परिदृश्य में प्रत्येक राज्य के पास आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर है और वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे मंच राज्यों को औद्योगिक निवेश के लिए वैश्विक पहचान प्रदान करते हैं।

उन्होंने बताया कि भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और प्राप्त निवेश का लगभग 30 प्रतिशत धरातल पर उतर चुका है। हाल ही में 8.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के औद्योगिक विकास कार्यों का शुभारंभ मध्यप्रदेश की तेज विकास यात्रा का प्रमाण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2026 को किसानों की समृद्धि को समर्पित किया गया है। कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, मत्स्य, उद्यानिकी और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश निश्चित रूप से अग्रणी राज्य बनेगा।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal