वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरम-2026 का तीसरा दिन।

एआई आधारित विकास को मिलेगी नई दिशा,दावोस में NVIDIA ग्लोबल एआई इनिशिएटिव की उपाध्यक्ष कैलिस्टा एडमण्ड का प्रदेश के एआई साझेदारी पर संवाद,एआई आधारित नवाचारों से किसान और समाज के हर वर्ग को मिलेगा सशक्तिकरण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रभावी और व्यापक उपयोग से किसानों सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ अधिक दक्षता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुँचाया जाएगा। राज्य सरकार की स्पष्ट मंशा है कि एआई को विभिन्न शासकीय डाटाबेस से जोड़कर सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा और लक्षित लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव यह विचार वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, दावोस में NVIDIA की ग्लोबल एआई इनिशिएटिव्स की उपाध्यक्ष कैलिस्टा रेडमंड के साथ हुई बैठक के दौरान व्यक्त कर रहे थे। इस महत्वपूर्ण बैठक में मध्य प्रदेश में एआई और उन्नत प्रौद्योगिकी आधारित पहलों के विस्तार, नवाचार को प्रोत्साहन देने तथा संभावित सहयोग के विविध आयामों पर विस्तृत और सार्थक विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश ने भूमि, श्रम और लॉजिस्टिक्स जैसे अपने मजबूत पक्षों का रणनीतिक और प्रभावी उपयोग करते हुए तकनीक आधारित विकास को नई गति दी है। राज्य सरकार डिजिटल समाधान, डेटा-आधारित निर्णय प्रणाली और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों को अपनाकर शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, त्वरित और नागरिक-केंद्रित बना रही है। इन प्रयासों का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं और सेवाओं की पहुँच सही समय पर सही व्यक्ति तक हो।

उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल प्लेटफॉर्म और तकनीकी नवाचारों के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को अधिक सुलभ, प्रभावी और समावेशी बनाया गया है। वहीं कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों और एआई आधारित समाधानों के माध्यम से किसानों को मौसम, फसल प्रबंधन, बाजार भाव और जोखिम प्रबंधन से जुड़ी बेहतर जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अधिक सूचित निर्णय ले सकें और उनकी आय में वृद्धि हो। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि एआई आधारित शासन मॉडल से न केवल सेवा वितरण में दक्षता बढ़ेगी, बल्कि भ्रष्टाचार पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा। डेटा के समेकित उपयोग से योजनाओं की निगरानी, मूल्यांकन और सुधार की प्रक्रिया अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे सुशासन को और मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर NVIDIA की ग्लोबल एआई इनिशिएटिव्स की उपाध्यक्ष कैलिस्टा रेडमंड ने कहा कि NVIDIA संप्रभु (सॉवरेन) एआई के विकास के लिए पाँच प्रमुख रणनीतियों पर कार्य कर रही है। इन रणनीतियों का उद्देश्य एआई को प्रत्येक देश और क्षेत्र की विशिष्ट आवश्यकताओं, प्राथमिकताओं और सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप विकसित करना है। उन्होंने कहा कि एआई के माध्यम से कुशल मानव संसाधन को उपयुक्त उद्योगों और अवसरों से प्रभावी रूप से जोड़ा जा सकता है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। कैलिस्टा रेडमंड ने भारत के विभिन्न राज्यों में संचालित एआई पायलट प्रोजेक्ट्स का उल्लेख करते हुए कहा कि NVIDIA की मंशा है कि एआई समाधान भारतीय मॉडल, भारतीय डेटा और स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े हों। इससे तकनीक अधिक प्रासंगिक, उपयोगी और प्रभावी सिद्ध होगी तथा समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक इसका लाभ पहुँच सकेगा।

बैठक में मध्य प्रदेश सरकार और NVIDIA के बीच इस संवाद को आगे बढ़ाते हुए राज्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आपसी सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने पर सहमति व्यक्त की गई। दोनों पक्षों ने साझेदारी के नए अवसरों की पहचान करने, कौशल विकास, नवाचार और तकनीक आधारित विकास को बढ़ावा देने तथा पारस्परिक लाभ के आधार पर दीर्घकालिक सहयोग की दिशा में मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। इस बैठक को मध्य प्रदेश में एआई आधारित नवाचारों के माध्यम से किसानों, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो राज्य को तकनीक आधारित समावेशी और सतत विकास की नई राह पर अग्रसर करेगा।

 

 जूही श्रीवास्तव/बीके इंजी.नरेश बाथम

 

न्यूज़ सोर्स : mpinfo/mp1news Bhopal