गणतंत्र दिवस पर बड़वानी में मंत्री गौतम टेटवाल ने फहराया तिरंगा, कौशल और रोजगार से आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश का दिया प्रेरक संदेश।

77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने बड़वानी में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ, जिससे समारोह स्थल देशभक्ति, एकता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना से गूंज उठा।राज्यमंत्री श्री टेटवाल ने देश, प्रदेश एवं बड़वानी वासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान युवाओं को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने की शक्ति देता है। उन्होंने कहा कि आज का भारत युवाओं के कौशल, परिश्रम और नवाचार से आगे बढ़ रहा है और राज्य सरकार का संकल्प है कि हर युवा को उसकी योग्यता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध हों।

उन्होंने कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा किए गए नवाचारों और महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि आधुनिक उद्योगों की मांग के अनुसार प्रशिक्षण, आईटीआई और कौशल केंद्रों का सुदृढ़ीकरण, अप्रेंटिसशिप को बढ़ावा, स्थानीय रोजगार से जुड़ी ट्रेनिंग, स्टार्टअप और स्वरोजगार के लिए सहयोग जैसे प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना, युवाओं को रोजगार मेलों के माध्यम से सीधे नियुक्ति और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए जॉब कनेक्ट जैसे कदमों से हजारों युवाओं का भविष्य संवर रहा है।परेड में पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट-गाइड एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। समारोह के अंत में श्री टेटवाल ने “विकसित भारत @2047” के लक्ष्य को साझा करते हुए कहा कि कुशल युवा, मजबूत रोजगार व्यवस्था और आत्मनिर्भर नागरिक ही प्रदेश और देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। कौशल विकास एवं रोजगार विभाग जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए हर वर्ग के लिए अवसर सृजित करता रहेगा।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal