कृषक कल्याण वर्ष–2026 का शुभारंभ संदेश,उद्यानिकी को बताया किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम,मध्यप्रदेश, देश का दूसरा सर्वाधिक पुष्प उत्पादक राज्य,मध्यप्रदेश के फूलों की सुगंध पहुंच रही है पेरिस और लंदन: मुख्यमंत्री डॉ. यादव।

कृषक कल्याण वर्ष–2026 के अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित शासकीय गुलाब उद्यान में आयोजित राज्य स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी का दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुष्प प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विभिन्न प्रजातियों के फूलों, आकर्षक सज्जाओं और नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुष्प उत्पादन और उद्यानिकी राज्य के किसानों के लिए आय बढ़ाने, रोजगार सृजन और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष–2026 का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और खेती को लाभ का व्यवसाय बनाना है। परंपरागत खेती के साथ उद्यानिकी, पुष्प उत्पादन और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा देकर सरकार किसानों को नए अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि पुष्प उत्पादन में आधुनिक तकनीकों के उपयोग से कम लागत में अधिक लाभ संभव है, जिससे किसानों की आय में स्थायी वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी में उद्यानिकी एवं कृषि से संबंधित पुस्तकों का विमोचन किया। साथ ही शुभारंभ समारोह में विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं गुणवत्ता, नवाचार और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करती हैं।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक नर्सरी, पॉलीहाउस, शेडनेट, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई जैसी सुविधाओं से जोड़ रही है। पुष्प उत्पादन, फल-सब्जी और औषधीय पौधों की खेती से जुड़े किसान न केवल स्थानीय बाजार, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने युवाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों से उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री को बेल पत्र का विशेष पौधा भेंट किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रतीक बताते हुए कहा कि पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए जिम्मेदारी है। जल, जंगल और जमीन का संरक्षण ही कृषि की दीर्घकालिक समृद्धि सुनिश्चित कर सकता है।

कार्यक्रम में उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंसाना एवं आयुक्त -सह-संचालक उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग अरविंद कुमार दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, विशेषज्ञ, किसान और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। राज्य स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी कृषक कल्याण वर्ष–2026 की भावना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो मध्य प्रदेश को उद्यानिकी और पुष्प उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal