आईपीएस मलय जैन सहित मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रीय सम्मान।

केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वर्ष 2025 के लिए 269 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी सराहनीय, अनुकरणीय एवं अति-उत्कृष्ट सेवाओं के लिए केंद्रीय गृहमंत्री का अति-उत्कृष्ट सेवा पदक एवं उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है। इस घोषणा के अंतर्गत मध्यप्रदेश के आईपीएस अधिकारी मलय जैन सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अति-उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में केंद्रीय गृहमंत्री का उत्कृष्ट सेवा पदक प्राप्त करने के उपरांत अब उनकी दीर्घकालीन, निष्ठावान एवं उत्कृष्ट कार्यशैली को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें अति-उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया है। यह सम्मान उन पुलिस अधिकारियों को दिया गया है, जिन्होंने वर्षों तक अनुशासन, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए पुलिस सेवा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

 सम्मानित अधिकारियों में भोपाल के स्पेशल डीजी पंकज कुमार श्रीवास्तव, आईजी रुचिवर्धन मिश्र, आईजी शिर्यास ए., एआईजी मलय जैन, एआईजी अमित सक्सेना तथा मंत्रालय के सुरक्षा अधिकारी अविनाश शर्मा सहित पुलिस मुख्यालय, जिलों, बटालियनों, विशेष शाखाओं एवं फील्ड में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।

इन अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, प्रशासनिक सुधार, प्रशिक्षण, तकनीकी नवाचार तथा जन-सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। साथ ही महत्वपूर्ण शासकीय प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संवेदनशील परिस्थितियों में उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान करने में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है।

केंद्रीय गृहमंत्री का अति-उत्कृष्ट सेवा पदक प्राप्त करना पुलिस सेवा में सर्वोच्च उपलब्धियों में से एक माना जाता है। यह सम्मान न केवल अधिकारियों के व्यक्तिगत समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है, बल्कि मध्यप्रदेश पुलिस की सुदृढ़, अनुशासित और प्रभावी कार्यप्रणाली के लिए भी गर्व का विषय है। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के पुलिस कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal