भोपाल 14फरवरी/मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट के बाद मनीष सिंह ने संभाला जनसंपर्क विभाग का दायित्व
पदभार ग्रहण से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुख्यमंत्री निवास पर सौजन्य भेंट,संचालनालय में हुआ आत्मीय स्वागत।
मध्य प्रदेश जनसंपर्क विभाग में नवपदस्थ आयुक्त जनसंपर्क एवं प्रबंध संचालक, मप्र माध्यम मनीष सिंह ने अपने पदभार ग्रहण से पूर्व डॉ. मोहन यादव से मुख्यमंत्री निवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्य शासन की प्राथमिकताओं, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार तथा जनसंपर्क विभाग की भूमिका को लेकर सार्थक चर्चा की।
मुख्यमंत्री से भेंट उपरांत मनीष सिंह जनसंपर्क संचालनालय पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत रूप से आयुक्त जनसंपर्क एवं प्रबंध संचालक, मप्र माध्यम का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर संचालनालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और अधिकारियों-कर्मचारियों ने नवागत आयुक्त का गर्मजोशी से स्वागत किया।
जनसंपर्क आयुक्त दीपक कुमार सक्सेना ने मनीष सिंह को पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनसंपर्क इकाइयों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत किया।
पदभार ग्रहण के बाद मनीष सिंह ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि जनसंपर्क विभाग शासन और जनता के बीच एक सशक्त सेतु है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की प्राथमिकता राज्य सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी पहलों को पारदर्शी, प्रभावी और त्वरित तरीके से आमजन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने डिजिटल मीडिया, सोशल प्लेटफॉर्म्स और आधुनिक संचार तकनीकों के अधिकतम उपयोग पर बल देते हुए विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक गतिशील बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि जनसंपर्क विभाग की विश्वसनीयता और सक्रियता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। नवीन नेतृत्व के साथ विभाग में नवाचार, पारदर्शिता और परिणामोन्मुख कार्यशैली को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मनीष सिंह के मार्गदर्शन में जनसंपर्क विभाग राज्य की विकास गाथा को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नए स्मार्टफोन नथिंग फोन (4ए) की है आकर्षक डिजाइन