राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण से प्रारंभ हुआ मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र-2026

मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र 2026 का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में हुआ। सत्र के प्रथम दिन राज्यपाल मंगुभाई पटेल विधानसभा पधारे, जहां उनका आत्मीय एवं औपचारिक स्वागत किया गया। विधानसभा परिसर में आगमन पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार एवं संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यपाल का स्वागत किया। इस अवसर पर विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा भी उपस्थित रहे। 

सदन में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मेज थपथपाकर राज्यपाल का अभिवादन किया, जिससे पूरे सदन में गरिमा और उत्साह का वातावरण बना रहा। राज्यपाल पटेल ने अपने अभिभाषण में प्रदेश सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगामी वित्तीय वर्ष की प्राथमिकताओं का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश, सुशासन, आधारभूत संरचना विकास, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार, कृषि उन्नयन तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही उन्होंने औद्योगिक निवेश, डिजिटल प्रशासन और ग्रामीण विकास को गति देने के संकल्प को भी रेखांकित किया।

बजट सत्र 2026 को विकासोन्मुख और जनकल्याणकारी दिशा देने वाला बताते हुए राज्यपाल ने प्रदेश की समृद्धि एवं सर्वांगीण प्रगति के लिए सभी दलों से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की। उनके अभिभाषण के साथ ही विधानसभा के नवम सत्र की औपचारिक कार्यवाही प्रारंभ हो गई। यह अवसर लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा, आपसी सम्मान और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का प्रतीक बनकर सामने आया।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal