कुरवाई विधानसभा क्षेत्र के किसानों ने माना आभार,860 करोड़ रुपए की कोठा बैराज परियोजना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार — 22,272 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित, लाखों नागरिकों को मिलेगा पेयजल।

मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और विधायक हरि सिंह सप्रे के नेतृत्व में विदिशा जिले के कुरवाई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोठा के 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रालय में भेंट की। किसानों ने कोठा बैराज डैम परियोजना के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रदेश के सिंचाई मंत्री तुलसीराम सिलावट एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश को जल समृद्ध राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

लगभग 860 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित कोठा बैराज परियोजना 22,272 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे 83 ग्रामों के लगभग 25,500 कृषकों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि, किसानों की आय में बढ़ोतरी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ आधार मिलेगा। परियोजना का एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह 325 ग्रामों के लगभग 3 से 4 लाख नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में भी सहायक सिद्ध होगी। इससे जल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों को स्थायी राहत मिलेगी तथा ग्रामीण जीवन स्तर में व्यापक सुधार होगा।

इस अवसर पर सिंचाई मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश में जल संसाधन विकास की योजनाएं तीव्र गति से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि कोठा बैराज परियोजना विदिशा जिले के विकास की आधारशिला सिद्ध होगी। उपस्थित प्रतिनिधि मंडल एवं जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार किसानों और आमजन के हित में इसी प्रकार जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाती रहें।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal