कटनी के श्याम निषाद का बढ़ा राजनीतिक कद, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने किया सम्मान।

मध्य प्रदेश की राजनीति में मछुवारा समाज की बढ़ती भागीदारी और संगठनात्मक शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन उस समय देखने को मिला, जब भारतीय जनता पार्टी मछुवारा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक श्याम निषाद का भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर भव्य सम्मान किया गया। इस अवसर पर डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेशभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं का आत्मीय स्वागत किया। यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं रहा, बल्कि मछुवारा प्रकोष्ठ की संगठनात्मक ताकत, सामाजिक एकजुटता और भाजपा के प्रति समाज के विश्वास का बड़ा संदेश बनकर सामने आया। 

बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि समाज और संगठन के बीच समन्वय लगातार मजबूत हो रहा है। मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मछुवा कल्याण बोर्ड अध्यक्ष महेश केवट, प्रदेश संयोजक श्याम निषाद तथा सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए कहा, “यह मुख्यमंत्री निवास आप सभी का है। जब भी आप आएं,आपका हार्दिक स्वागत है।”मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के उत्साह, अनुशासन और एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार समाज के हर वर्ग को साथ लेकर विकास के पथ पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मछुवारा समाज परिश्रम, संघर्ष और आत्मसम्मान का प्रतीक है तथा सरकार समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान पूरा परिसर जयघोष और नारों से गूंज उठा।

इसके पश्चात भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने श्याम निषाद को आशीर्वाद देते हुए कहा कि पार्टी ने मछुवारा समाज से एक जमीनी, सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा, “श्याम निषाद समाज और पार्टी के बीच मजबूत सेतु बनेंगे। वे समाज की समस्याओं को समझते हैं और वंचित वर्गों को संगठन से जोड़ने की क्षमता रखते हैं।”उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मछुवारा समाज का विश्वास भाजपा के प्रति और अधिक मजबूत होगा तथा संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। कटनी जिले के लिए यह अवसर गौरवपूर्ण माना जा रहा है। जिले के युवा नेतृत्व के रूप में उभरे श्याम निषाद को प्रदेश स्तर पर मिली यह जिम्मेदारी सम्मान और उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है। स्थानीय कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों में उत्साह का माहौल है। इसे संगठन में नए नेतृत्व के उभार और कटनी जिले की राजनीतिक सक्रियता की बड़ी पहचान माना जा रहा है।

कार्यक्रम में मोती कश्यप, सुरेश बाथम, राजू बाथम, जयनारायण निषाद, पार्वती निषाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा संतोष निषाद, बच्चू निषाद, संतोष बर्मन, अरविंद रैकवार, बबलू गौड़, पिंटू केवट, देवी पहलवान, कमल बाथम, अभिलाष कश्यप, रवि बाथम, धनीराम रैकवार, गोल्डी गडकर, समीर वर्मा, जुगन खेरिया, विवेक रैकवार, राजेश केवट, दिनेश केवट, ज्योति रैकवार, मीना रैकवार, रवि रैकवार, संदीप बाथम, मुकेश बाथम सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का संचालन जितेन्द्र वर्मा ने किया तथा आभार संदीप बाथम ने व्यक्त किया।

यह आयोजन साफ संदेश दे गया कि मछुवारा समाज अब केवल सामाजिक शक्ति नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से भी संगठित और प्रभावशाली भूमिका निभाने को तैयार है।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal