भोपाल 30मई/हिंदी पत्रकारिता दिवस, उदन्त मार्तण्ड से शुरू हुआ जनजागरण का स्वर्णिम सूर्योदय
30 मई 2026 हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर देशभर के पत्रकारों, संपादकों, संवाददाताओं, छायाकारों एवं मीडिया जगत से जुड़े सभी कर्मयोगियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
आज ही के दिन 30 मई 1826 को हिंदी पत्रकारिता के पुरोधा पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने तत्कालीन कलकत्ता (वर्तमान कोलकाता) से हिंदी भाषा के प्रथम समाचार पत्र उदन्त मार्तण्ड का प्रकाशन प्रारंभ कर भारतीय पत्रकारिता के इतिहास में एक नया अध्याय लिखा। यह साप्ताहिक समाचार पत्र प्रत्येक मंगलवार को प्रकाशित होता था और इसे हिंदी पत्रकारिता की आधारशिला माना जाता है।
‘उदन्त मार्तण्ड’ का अर्थ “उदयमान सूर्य” है। जिस प्रकार सूर्य अंधकार को दूर कर प्रकाश फैलाता है, उसी प्रकार इस समाचार पत्र ने हिंदी भाषी समाज में जागरूकता, संवाद और जनचेतना का नया प्रकाश फैलाया। उस दौर में अधिकांश समाचार पत्र अंग्रेज़ी, बंगाली या फ़ारसी भाषाओं में प्रकाशित होते थे, जबकि हिंदी भाषी समाज के लिए कोई सशक्त माध्यम उपलब्ध नहीं था। ऐसे समय में पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने हिंदी को पत्रकारिता की भाषा बनाकर करोड़ों लोगों को अपनी मातृभाषा में समाचार और विचारों से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया।
यद्यपि आर्थिक कठिनाइयों और सीमित संसाधनों के कारण ‘उदन्त मार्तण्ड’ का प्रकाशन अधिक समय तक नहीं चल सका, लेकिन उसने हिंदी पत्रकारिता की ऐसी मजबूत नींव रखी, जिस पर आज विशाल मीडिया जगत खड़ा है।
आज के डिजिटल युग में पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती, जनहित के मुद्दों को आवाज़ देने, सामाजिक सरोकारों को सामने लाने तथा सत्ता और समाज के बीच संवाद का सेतु बनने की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो सत्य, निष्पक्षता और जनविश्वास के मूल्यों पर आधारित है।
हिंदी पत्रकारिता दिवस हमें उन संघर्षों, मूल्यों और आदर्शों की याद दिलाता है, जिनके बल पर हिंदी पत्रकारिता ने लगभग दो शताब्दियों की गौरवशाली यात्रा तय की है। यह दिन सत्य के प्रति प्रतिबद्धता, निर्भीक लेखनी और जनसेवा के संकल्प को पुनः सुदृढ़ करने का अवसर है।
हिंदी पत्रकारिता दिवस पर सभी पत्रकार साथियों को पुनः हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
सत्य की कलम सदैव जनहित और राष्ट्रहित के पथ पर अग्रसर रहे।

भोपाल 4जुलाई/मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी भोपाल में आहरण एवं संवितरण अधिकारियों के लिए दो दिवसीय सेमीनार सम्पन्न
5 जुलाई2026/ शिव बाबा की मुरली (परमात्मा की वाणी) आज की प्रातः मुरली मधुबन