बस्ती। बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र के मुड़िला कठार गांव में आपसी कहा-सुनी के बाद बेटे ने अपनी मां के सिर पर बांस से प्रहार कर दिया, इससे उनका सिर फट गया। गंभीर अवस्था में स्वजन उन्हें सीएचसी कप्तानगंज ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। नगर पुलिस ने आरोपित बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

यह है पूरा मामला

मुडिला कठार गांव निवासी बैजनाथ पुत्र लक्ष्मण निषाद पांच वर्ष पहले सऊदी अरब से लौटा था। लौटने के बाद पिता ने उसकी शादी गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र के जीतपुर गांव की शालिनी से कर दी। दोनों से तीन वर्ष का एक बेटा वैभव है। सऊदी से लौटने के बाद वह कोई कामकाज नहीं करता था। इसे लेकर उसकी पत्नी शालिनी से अक्सर झगड़ा होता था। इस दौरान बैजनाथ की मां 55 वर्षीय कौशिल्या देवी हमेशा अपने बहू का साथ देती थी। लगातार वाद-विवाद होने से शालिनी पांच दिन पहले मायके चली गई। इससे बैजनाथ का गुस्सा और भड़क गया। वह अपने ससुराल पहुंच गया। वहां बवाल करने के बाद घर आ गया।

मां ने अस्पताल में तोड़ा दम

अगले दिन सुबह 9.30 बजे पत्नी को लेकर मां कौशिल्या देवी की कहासुनी हो गई। इससे वह इतना नाराज हुआ कि मां को मारने के लिए दौड़ा लिया। पुलिस की माने तो भागते समय उसकी मां गिर गई। इसके बाद आरोपित बेटे ने अपनी मां के सिर पर बांस से प्रहार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। स्वजन उन्हें एंबुलेंस की मदद से सीएचसी कप्तानगंज लेकर पहुंचे और घटना की सूचना नगर थाने को दी। उपचार के दौरान दोपहर 12 बजे कौशिल्या देवी ने दम तोड़ दिया।

क्या कहती है पुलिस

थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद ने बताया कि आरोपित के पिता लक्ष्मण की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।