अयोध्या । उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला आया है। जहां जिले के रूरखास गांव में देर शाम बारात पहुंची। बारात पहुंचने के कुछ देर बाद अचानक दूल्हा फरार हो गया। काफी देर तक दूल्हा ढूंढने के बाद भी नहीं मिला। कुछ देर बाद बारातियों से पता चला कि दूल्हा, लड़की के सिर में कम बाल होने की जानकारी होते ही भाग खड़ा हुआ है। हालांकि लड़की के घरवालों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी ना होने पर दूल्हा फरार हुआ है। फिलहाल मामले में बीकापुर कोतवाली में दूल्हे और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
दरअसल अयोध्या जनपद से सटे कूरेभार क्षेत्र के रहने वाले आनंद कनौजिया की बारात आई थी। रूरखास गांव में दुल्हन मानसी के घर भी जश्न का माहौल था। मगर अचानक दूल्हे और उसके परिजनों को पता चला कि दुल्हन के सिर में बाल कम हैं। बस यहीं से रंग में भंग पड़ गया। दुल्हन पक्ष की मानें, तब दूल्हे आनंद ने दुल्हन के यह कहते हुए बाल खींचे कि उसने बिग नहीं लगा रखा है। इस घटना के कुछ देर बाद जब शादी की रस्म के लिए दूल्हे की तलाश हुई, तब दूल्हा गायब मिला। इसकी जानकारी होते ही दुल्हन पक्ष के कुछ लोग बेहोश हो गए और कुछ लोगों ने दूल्हे के पिता समेत 9 परिजनों को रोककर पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद आई पुलिस को उन्हें कोतवाली ले जाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा।