कांग्रेस पहले धर्म के नाम पर लड़ाती थी अब जातियों के नाम पर लड़ा रही
धुले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए धुले से चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने महा विकास अघाड़ी (एमवीए) और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। मोदी ने कहा कि एकता में ही सुरक्षा है, और कांग्रेस पहले धर्म के नाम पर लोगों को लड़ाती थी, अब जातियों के नाम पर यही काम कर रही है। उन्होंने इसे देश के खिलाफ साजिश बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि महा विकास अघाड़ी की गाड़ी में न तो पहिए हैं, न ब्रेक, और ड्राइवर की सीट पर बैठने के लिए झगड़ा हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र से अपने पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 के विधानसभा चुनाव में जब उन्होंने महाराष्ट्र में बीजेपी सरकार बनाने की अपील की थी, तो लोगों ने उन्हें दिल खोलकर आशीर्वाद दिया था। उन्होंने महा विकास अघाड़ी सरकार की निंदा करते हुए कहा कि इस सरकार ने पहले सत्ता और फिर जनता को लूटा।
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को केंद्र में रखकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, और महायुति का मैनिफेस्टो विकसित भारत के लिए एक मजबूत आधार बनेगा। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए महाराष्ट्र पुलिस में 25,000 महिला कांस्टेबलों की भर्ती का वादा किया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि पार्टी कभी भी दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को आगे बढ़ते हुए नहीं देख सकती। उन्होंने कहा कि अंबेडकर ने दलितों और आदिवासियों को आरक्षण दिलवाने के लिए संघर्ष किया, लेकिन नेहरू और इंदिरा गांधी ने हमेशा इसे कमजोर करने की कोशिश की।
शिंदे सरकार की तारीफ
प्रधानमंत्री मोदी ने शिंदे सरकार की सराहना करते हुए कहा कि महाराष्ट्र अब विदेशी निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। उन्होंने धुले और पुणे में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और महाराष्ट्र का विकास तेज़ी से होगा। इसके अलावा, उन्होंने किसानों के लिए नमो शेतकरी महासम्मान निधि की राशि बढ़ाने के फैसले की सराहना की, जिससे किसानों को अधिक सहायता मिलेगी।
कांग्रेस के मंसूबे सफल नहीं होने देंगे
मोदी ने कांग्रेस को कश्मीर के मामले पर भी घेरते हुए कहा कि कांग्रेस ने आर्टिकल 370 के जरिए कश्मीर को देश से अलग किया था और अंबेडकर के संविधान को लागू नहीं होने दिया। उन्होंने कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने की अपनी सरकार की उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के मंसूबे अब सफल नहीं होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र की जनता से महायुति को समर्थन देने की अपील की, ताकि राज्य का विकास और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मतदान 20 को परिणाम 23 को
महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान होना है, जबकि रिजल्ट 23 नवंबर को घोषित होंगे। भाजपा महायुति गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही है, जिसमें बीजेपी ने 148, शिंदे गुट ने 80, और अजित गुट ने 53 उम्मीदवार उतारे हैं।

बजट से पहले महंगाई पर घिरी सरकार, महिला कांग्रेस ने संभाला मोर्चा
इंदौर मेट्रो के पहले चरण का काम लगभग पूरा, ट्रायल रन के बाद अब सुरक्षा प्रमाणन की बारी
IND vs AUS: वनडे सीरीज के लिए इस धाकड़ ओपनर की भारतीय टीम में वापसी, चोट से उबर कर चार महीने बाद करेंगी वापसी
विधानसभा में विकास और सांस्कृतिक मुद्दों पर सियासी टकराव
Naxal Surrender: नक्सल संगठन को बड़ा झटका, सुकमा में 22 नक्सलियों ने एक साथ किया सरेंडर