चिकित्सा शिक्षा मंत्री सारंग ने विकास यात्रा में वितरित किए, तीर्थ-यात्रा के टिकट राम लला के दर्शन करेंगे नरेला विधानसभा के 150 से अधिक तीर्थ-यात्री गरीब बुजुर्गों के लिये श्रवण कुमार हैं मुख्यमंत्री चौहान - मंत्री श्री सारंग

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने शुक्रवार को नरेला विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को अयोध्या तीर्थ-यात्रा के टिकट वितरित किये। इस दौरान मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन यात्रा पर जाने वाले लाभार्थियों में उत्साह देखा गया। सभी तीर्थ-यात्री 11 फरवरी को दोपहर 3.30 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से स्पेशल ट्रेन द्वारा अयोध्या तीर्थ-यात्रा के लिये रवाना होंगे।

मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में राज्य सरकार की जन-हितकारी नीतियों एवं जन-कल्याणकारी योजनाओं से निरंतर विकास कार्य और गरीबों का कल्याण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना में नरेला विधानसभा के 150 से अधिक 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजन अयोध्या में भगवान श्री रामलला के दर्शन लाभ लेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के रहने एवं भोजन के साथ अन्य व्यवस्थाएँ भी राज्य शासन की ओर से की जायेंगी।

500 वर्षों के संघर्ष के बाद हो रहा श्री राम मंदिर का निर्माण

मंत्री सारंग ने कहा कि 500 सालों के संघर्ष और कई लोगों के बलिदान के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण का सपना पूरा हो रहा है। अब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जहां रामलला का जन्म हुआ वहीं उनके भव्य मंदिर का निर्माण प्रगति पर है।

मंत्री सारंग ने कहा कि जिस प्रकार त्रेतायुग में श्रवण कुमार ने अपने माता-पिता की सेवा की और उन्हें अपने कंधे पर बैठा कर तीर्थ-दर्शन कराये। उसी प्रकार वर्तमान में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान श्रवण कुमार की भूमिका निभाते हुए प्रदेश के वृद्धजनों को तीर्थ-यात्रा करवा रहे हैं।

लाभार्थियों ने जताया सरकार का आभार

नरेला विधानसभा में वार्ड 75 के शंकर नगर निवासी भीकम सिंह राजपूत ने तीर्थ-दर्शन योजना में टिकट प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मंत्री श्री सारंग का आभार व्यक्त किया। राजनगर, पलासी निवासी श्रीमती रामबाई देवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। यह हमारा सौभाग्य है कि हम इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन राम लला के दर्शन कर सकेंगे। श्रीमती लौंगी बाई ने कहा कि तीर्थ-दर्शन योजना से सरकार पुण्य का काम कर रही है।

 दुर्गेश रायकवार