गोरखपुर में बच्ची के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। यहां बिस्किट लेने गई बालिका को अगवा कर युवक ने दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े तो फरार हो गया। मां की तहरीर पर दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कर शाहपुर थाना पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।

कुशीनगर जिले की रहने वाली महिला ने तहरीर में लिखा है कि 18 सितंबर की दोपहर में उनकी नौ वर्षीय बेटी भगत पुरवा चौराहे पर बिस्किट लेने गई थी। दुकान के पास खड़ा गांव का अर्जुन निषाद बिस्किट दिलाने के बहाने अपने साथ लेकर सुनसान स्थान पर चला गया, जहां उसने बेटी के साथ दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे तो आरोपित फरार हो गया।

प्रभारी निरीक्षक थाना शाहपुर शशिभूषण राय ने बताया कि पीड़ित का मेडिकल कराया गया है। आरोपित अर्जुन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।