भोपाल 13मई/ प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने मुख्यालय के विभिन्न विभागों का किया निरीक्षण
“अपेक्स बैंक में प्रशासनिक सक्रियता का संदेश"
मध्य प्रदेश अपेक्स बैंक में प्रशासनिक सक्रियता और कार्यकुशलता को नई दिशा देने की पहल उस समय दिखाई दी, जब बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने शीर्ष बैंक मुख्यालय के विभिन्न कक्षों का विस्तृत भ्रमण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा प्रत्येक विभाग की कार्यप्रणाली की गहन जानकारी ली। इस अवसर पर बैंक के प्रबंध संचालक मनोज गुप्ता एवं वि.क.अ. अरुण मिश्रा भी उनके साथ उपस्थित रहे। प्रशासक यादव ने मुख्यालय के विभिन्न अनुभागों में पहुंचकर वहां संचालित प्रशासनिक एवं बैंकिंग कार्यों की जानकारी ली तथा कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर कार्यों की प्रगति एवं चुनौतियों पर चर्चा की।
भ्रमण के दौरान श्री यादव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर समन्वय, पारदर्शिता तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था की मजबूती केवल योजनाओं से नहीं, बल्कि कर्मचारियों की कार्यनिष्ठा, अनुशासन और जवाबदेही से सुनिश्चित होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने तथा ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।प्रशासक यादव ने मुख्यालय के भूतल भवन स्थित संभागीय शाखा का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने क्लियरिंग सेक्शन की कार्यप्रणाली का अवलोकन कर बैंकिंग प्रक्रियाओं की गति एवं पारदर्शिता को लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने लॉकर रूम का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं संचालन प्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैंक के कार्यों में आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग, रिकॉर्ड संधारण की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा ग्राहक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंकिंग प्रणाली ग्रामीण एवं कृषि अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण धुरी है और अपेक्स बैंक की जिम्मेदारी केवल वित्तीय सेवाएं प्रदान करना नहीं, बल्कि सहकारिता की भावना को मजबूत करना भी है।मुख्यालय में हुए इस प्रशासनिक भ्रमण को कर्मचारियों के बीच सकारात्मक संवाद, कार्य संस्कृति में सुधार तथा संस्थागत दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशासक यादव के इस आत्मीय एवं सक्रिय निरीक्षण को प्रेरणादायक बताते हुए इसे संगठनात्मक मजबूती की दिशा में सार्थक कदम बताया।

राशिफल 14 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
रामलला दर्शन योजना : रायगढ़ से 112 श्रद्धालुओं का 16वां जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना
ऊर्जा संरक्षण और सादगी जीवन का आधार- वन मंत्री केदार कश्यप
सामाजिक परिवर्तन के वाहक बनें विश्वविद्यालय : मंत्री परमार
कौशल विकास गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग से युवाओं को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार : मंत्री टेटवाल