रविवार-फरवरी 26, जन्म मनुष्य के हाथ में नहीं ,लेकिन उसके कर्म उसे महान बना सकते है : जल संसाधन मंत्री सिलावट,जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी-कर्मचारी संघ (अजाक्स) के प्रांतीय अधिवेशन में कहा कि जन्म लेना मनुष्य के हाथ में नहीं होता, लेकिन वह अपने जीवन को कर्मों से महान और बेहतर बना सकता है। भेल के दशहरा मैदान पर आयोजित प्रांतीय महाधिवेशन में मंत्री सिलावट ने कहा कि हमारे संविधान में भी बाबा साहब अंबेडकर ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के व्यक्ति के लिए समानता के अधिकार और लोकतांत्रिक निर्वाचन प्रक्रिया में आरक्षण का प्रावधान किया है। इसके साथ ही इन वर्गों के कल्याण के लिए संविधान में अनेक उपबंध सम्मिलित किए गए हैं। मंत्री श्री सिलावट ने बाबा साहब के उस विचार को याद किया, जिसमें उन्होंने कहा कि जीवन बड़ा नहीं महान होना चाहिए।
महाधिवेशन में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी उपस्थित थे। मंत्री श्री सिलावट ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा इस वर्ग और अंतिम पंक्ति के व्यक्तियों के लिए चलाई जा रही योजना की जानकारी दी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में अजा और अजजा वर्ग के उत्थान के चौतरफा प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रहीं है। मप्र सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवासीय योजनाएं बनाई गई हैं। जिसका सभी हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अजा वर्ग के लिए सरकार सागर के पास बड़तूमा में 100 करोड़ रुपए की लागत से संत रविदास का विशाल और भव्य मंदिर बनाने जा रही है। मंदिर की दीवारों पर संत रविदास के दोहे और शिक्षाएं उकेरी जाएंगी। 

मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि मध्यप्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा जी की स्मृति में गौरव दिवस का मनाया गया, जिसमें देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने शिरकत की थी। मंत्री श्री सिलावट ने समाज के वर्ग के लोगों से आव्हान किया है कि अपनी बेटियों, बहुओं और बहनों को जरूर पढ़ाए इससे समाज में निश्चित रूप से क्रांति और बदलाव आएगा और महिला सशक्तिकरण से देश समाज और व्यक्ति सभी का विकास होगा। 
मंत्री सिलावट ने समाज के लोगों से यह भी आव्हान किया है कि समाज में हमें रोजगार देने वाला बनना है। हमें इस योग्य बनना है कि हम लोगों को रोजगार उपलब्ध करा सके। उन्होंने बताया की स्व-रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और केंद्र और राज्य की अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लिए प्रदेश में चल रही योजनाओं की जानकारी के लिए जगह-जगह शिविरों का आयोजन किया जाएगा। 
महाधिवेशन में आरक्षित वर्ग के कर्मचारियों ने कई मांगें रखीं थीं। इस मंत्री सिलावट ने कहा कि राज्य की सरकार सभी वर्ग के हित में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आप सभी की भी मांगो पर मुख्यमंत्री चौहान को अवगत कराएंगे। इस महाधिवेशन में प्रदेशभर से अजा-अजजा वर्ग के हजारों अधिकारी-कर्मचारी एवं समाजबंधु शामिल हुए।                                                                                                                          अरुण राठौर