नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद सेफ्टी ऑडिट टीम ने मौके पर पहुंचकर बांध का निरीक्षण किया। भोपाल से नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के अधिकारी और दिल्ली से विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम ने सोमवार को बांध की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बरगी बांध पूरी तरह सुरक्षित है और पानी का जो सीपेज गैलरी से दिखाई देता है, वह एक सामान्य तकनीकी प्रक्रिया है।

अधिकारियों ने दिया स्पष्ट जवाब बरगी बांध के प्रभारी अधिकारी इंजीनियर राजेश सिंह गौड़ ने कहा कि बांध में सीपेज होना एक सामान्य प्रक्रिया है। इसी पानी को गैलरी में इकट्ठा कर 80 हॉर्स पावर के पंप से बाहर निकाला जाता है। इसलिए यह कहना गलत है कि बांध से पानी रिस रहा है या कोई खतरा है। यदि सीपेज बिल्कुल न हो, तो बांध कमजोर हो सकता है। यह एक तकनीकी पहलू है, जिसे केवल विशेषज्ञ ही समझ सकते हैं।

हर साल होता है सेफ्टी ऑडिट बरगी बांध का हर वर्ष सेफ्टी ऑडिट किया जाता है। इस ऑडिट में भोपाल और दिल्ली से अधिकारी पहुंचकर बांध की तकनीकी स्थिति की समीक्षा करते हैं। यदि किसी तरह की मरम्मत या सुधार की आवश्यकता होती है, तो तत्काल सुझाव दिए जाते हैं। इसी क्रम में इस बार भी टीम ने निरीक्षण कर तकनीकी रिपोर्ट तैयार की है।

प्रमुख अभियंता ने भी किया निरीक्षण मध्य प्रदेश सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता विनोद कुमार देवड़ा, नर्मदा घाटी के सदस्य अभियांत्रिकी, मुख्य अभियंता बोधी, बांध सुरक्षा संचालक और उनकी टीम दो दिन पूर्व ही बांध के निरीक्षण के लिए पहुंच गयी थी। निरीक्षण के बाद टीम ने भी आश्वस्त किया कि बरगी बांध सुरक्षित है और वहां किसी तरह की चिंता की आवश्यकता नहीं है।

बरगी बांध का महत्व:बरगी बांध न केवल जबलपुर बल्कि पूरे महाकौशल क्षेत्र के लिए जल आपूर्ति, सिंचाई और विद्युत उत्पादन का प्रमुख स्रोत है। यहां से करीब 3 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र की सिंचाई होती है। साथ ही बांध से जुड़ा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट प्रदेश को ऊर्जा उपलब्ध कराता है। बांध नर्मदा नदी के जल संरक्षण और बाढ़ नियंत्रण में भी अहम भूमिका निभाता है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के कारण उत्पन्न भ्रम को दूर करते हुए अधिकारियों ने साफ कहा है कि बरगी बांध पूरी तरह सुरक्षित है। बांध से जुड़ी हर तकनीकी प्रक्रिया की निगरानी विशेषज्ञों द्वारा नियमित रूप से की जाती है और प्रदेशवासियों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal