प्रधानमंत्रीजी की बताई चार जातियां महिला,किसान,युवा और गरीब को ध्यान में रखकर काम कर रही है प्रदेश सरकार।
भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक रविवार को भोपाल के रविंद्र भवन सभागार में संपन्न हुई। पार्टी नेताओं ने दीप प्रज्जवलित कर एवं महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ बैठक का शुभारंभ किया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने जो चार जातियां बताई हैं, गरीब, युवा, किसान और महिलाएं, मध्यप्रदेश सरकार इन्हीं को ध्यान में रखकर काम कर रही है।जनता की सेवा करने में सरकार की सहायता करें पार्टी कार्यकर्ता डॉ. मोहन यादव। 
                                                                                                                                                              बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि हमने पांचवीं बार मध्यप्रदेश में सरकार बनाई है। हमारा लक्ष्य अगले पांच सालों में प्रदेश के बजट को दोगुना करना है और इसकी शुरुआत भी हमने कर दी है। डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने कई नई योजनाएं शुरू की हैं और पार्टी कार्यकर्ता इन योजनाओं के माध्यम से जनता की सेवा करने में सरकार की सहायता करें। उन्होंने कहा कि जब हम देखते हैं कि कोई व्यक्ति किसी अपने के शव को साइकिल पर ले जा रहा है, तो यह देखकर बहुत कष्ट होता है। हमारी सरकार ने इस बजट के माध्यम से यह प्रबंध कर दिया है कि ऐसी स्थितियां न बनें। इसके लिए एंबुलेंस या शव वाहन की व्यवस्था की गई है। हमारे कार्यकर्ता भी अपने आसपास निगाह रखें कि यह व्यवस्था ठीक से काम कर रही है या नहीं। कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हो रही? अगर हम सजग रहेंगे, तो ऐसी लापरवाही को रोक सकेंगे। डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए खाली पदों पर भर्ती करने जा रही है। जो पद प्रमोशन से भरे जाने थे, उनकी प्रक्रिया में हमारे विरोधियों के रवैये के कारण थोड़ा व्यवधान आया है, जो बार-बार इस मामले को अदालत में ले जाते हैं। रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए हम क्षेत्रीय आधार पर योजना बना रहे हैं। उज्जैन में हुई रीजनल समिट इसका उदाहरण है। अब दूसरी रीजनल समिट इसी महीने 20 जुलाई को जबलपुर में होने वाली है, जिसके माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेंगे। कृषि सेक्टर के विकास के लिए भी कई कदम उठाए गए हैं। इसी प्रकार माइनिंग, एविएशन आदि क्षेत्रों में भी कदम उठाए जा रहे हैं। शिक्षा क्षेत्र की बेहतरी के लिए 55 जिलों में 55 एक्सीलेंस कॉलेज इसी महीने प्रारंभ हो रहे हैं। इन कॉलेजों में हम सुविधाएं भी बढ़ा रहे हैं। डॉ. यादव ने कहा कि इस कार्यसमिति में मैंने बजट में किए गए कुछ प्रावधानों को प्रस्तुत किया है, आप सभी से आग्रह है कि व्यापारी संगठनों के माध्यम से, प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से इन बातों को संबंधित वर्गों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने ’ एक पेड़ मां के नाम’ अभियान शुरू किया है।  इस अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश में साढे 5 करोड़ पेड़ हम लगाने वाले हैं। आप अपने-अपने स्तर पर अपने-अपनी पंचायत तक भी इस एक पेड़ मां के नाम का अभियान का हिस्सा बन सकते हैं।                                                                                                                                                                                                                                                बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री व विधायक श्री भगवानदास सबनानी ने किया। बैठक के दौरान संसदीय बोर्ड के सदस्य श्री सत्यनारायण जटिया, प्रदेश शासन के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री प्रहलाद पटेल, श्री राकेश सिंह, वरिष्ठ नेता व सांसद श्री फग्गनसिंह कुलस्ते, महाराष्ट्र के सह प्रभारी श्री जयभान सिंह पवैया, वरिष्ठ नेता श्री विक्रम वर्मा, डॉ. नरोत्तम मिश्रा, श्री भूपेन्द्र सिंह, श्री सुरेश पचौरी, श्री ओमप्रकाश धुर्वे उपस्थित रहे। पिछली कार्यसमिति बैठक का अनुमोदन प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने रखा। प्रदेश महामंत्री श्री शरतेंदु तिवारी ने दिवंगत नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समाज जनों के निधन पर शोक प्रस्ताव रखा, जिसके उपरांत दिवंगतों की आत्मिक शांति के लिए मौन रखा गया। बैठक का आभार प्रदेश मंत्री श्री जयदीप पटेल ने माना। लोकसभा चुनाव विश्लेषण की प्रस्तुति प्रदेश मंत्री श्री रजनीश अग्रवाल ने दी। बैठक में पहली बार 1099 मंडल अध्यक्षों सहित 2 हजार से अधिक पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे                                                                                                                                                                      आशीष उषा अग्रवाल/बीके इंजी नरेश बाथम

न्यूज़ सोर्स : pradesh media/mp1news Bhopal