मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज श्योपुर जिले की बड़ौदा तहसील में पुलिस थाने के समीप ग्राउंड में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन में सिंगल क्लिक के माध्यम से 6 जिलों के 3,05,410 प्रभावित किसानों के खातों में 238 करोड़ 78 लाख रुपये की फसल क्षति मुआवजा राशि अंतरित की। यह राहत राशि अतिवृष्टि, बाढ़ एवं पीला मौजेक कीट व्याधि से प्रभावित किसानों को उनके नुकसान की भरपाई हेतु प्रदान की गई है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के माध्यम से 23 तहसीलों के 2,148 ग्रामों के किसानों को सीधी राहत मिली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट के समय सरकार किसानों के साथ खड़ी है। प्राकृतिक आपदाओं से फसल प्रभावित होना किसानों पर बड़ा संकट होता है और प्रदेश सरकार हर संभव मदद सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश में राहत वितरण की प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बनाकर किसानों को सीधा लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

श्योपुर जिले के 1,03,078 धान के किसानों को सर्वाधिक 100 करोड़ 83 लाख रुपये की राशि वितरित की गई। इसी तरह हरदा जिले के 95,989 किसानों को सोयाबीन क्षति के लिए 71 करोड़ 52 लाख, विदिशा के 51,830 किसानों को सोयाबीन-उड़द फसल नुकसान हेतु 29 करोड़ 15 लाख, नर्मदापुरम के 22,779 किसानों को 19 करोड़ 84 लाख, धार के 19,173 किसानों को सोयाबीन एवं मक्का फसल क्षति हेतु 10 करोड़ 31 लाख तथा खंडवा जिले के 12,961 किसानों को पीला मौजेक कीट व्याधि से प्रभावित सोयाबीन फसल के लिए 7 करोड़ 13 लाख रुपये की राहत राशि दी गई।

लोकार्पण एवं शिलान्यास: श्योपुर को मिली विकास की नई सौगातें

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत 2 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से सेसईपुरा में निर्मित आदिवासी बालक आश्रम का लोकार्पण किया गया। श्योपुर में 14 करोड़ 80 लाख की लागत से नर्सिंग कॉलेज भवन, 14 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से 50 बिस्तरीय एकीकृत आयुष चिकित्सालय तथा 96 लाख की लागत से बागवानी एवं खाद प्रसंस्करण ज्ञान प्रसार केंद्र के निर्माण का शिलान्यास किया गया।

इसके अलावा ग्राम लहरौनी (2.61 करोड़), ग्राम बलावनी (2.53 करोड़) और डाबीपुरा (2.49 करोड़) में 33/11 केव्ही के नवीन विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास हुआ। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभ वितरित किए।

कार्यक्रम में किसानों के उत्साहपूर्ण स्वागत के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का किसान मजबूत होगा तो मध्य प्रदेश का भविष्य भी मजबूत बनेगा। सरकार किसानों के जीवन में स्थायी सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal