सिग्नेचर सिटी कॉलोनी समिति के तत्वावधान में रविवार को गणेश उत्सव का एक भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर स्प्रिंग वैली सेंटर से विशेष रूप से पधारीं ब्रह्माकुमारी बीके अभिलाषा दीदी एवं बीके आकृति दीदी मुख्य वक्ता के रूप में मंचासीन रहीं।

दीदियों ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में गणेश उत्सव के गूढ़ आध्यात्मिक रहस्यों को उजागर करते हुए कहा कि गणपति केवल विघ्नहर्ता ही नहीं, बल्कि ज्ञान, शांति और सकारात्मकता के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने समझाया कि यदि हम अपने जीवन से विकारों को जीत लें, तभी सच्चे अर्थों में "विघ्नविनाशक" बन सकते हैं। कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक नृत्य व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे वातावरण में भक्ति, आनंद और शांति की दिव्य अनुभूति छा गई।

बीके अभिलाषा दीदी ने योग कमेंट्री कराते हुए सभी को गहन शांति और शक्ति का अनुभव कराया, वहीं बीके आकृति दीदी ने सकारात्मक जीवन जीने के सूत्र साझा किए। कार्यक्रम के अंत में महारास, भावपूर्ण आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर समिति सदस्यों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और उन्होंने इसे स्मरणीय एवं प्रेरणादायी आयोजन बताया।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal