मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले हुआ वंदे मातरम का गान,मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उप मुख्यमंत्री देवड़ा तथा वित्त विभाग की टीम को दी बधाई और शुभकामनाएं,ऐतिहासिक होगा वर्ष 2026-27 का बजट मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की महत्वपूर्ण बैठक विधानसभा समिति कक्ष में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के गान के साथ गरिमामय वातावरण में प्रारंभ हुई। बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तुतीकरण के लिए उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं वित्त विभाग की पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में वर्ष 2026-27 के बजट को “ऐतिहासिक” बताते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास का रोडमैप है। उन्होंने कहा कि यह बजट सभी वर्गों को साथ लेकर कदम-दर-कदम आगे बढ़ने के संकल्प का सशक्त प्रमाण है। प्रदेश सरकार ने विकास की धारा को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट केंद्र सरकार के मूल मंत्र “ज्ञान” — गरीब, युवा, अन्नदाता और महिलाओं के सशक्तिकरण — की भावना पर आधारित है। बजट में गरीब कल्याण योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने, युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने, किसानों की आय वृद्धि तथा महिला सशक्तिकरण को नई गति देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार, निवेश प्रोत्साहन और अधोसंरचना विकास के माध्यम से प्रदेश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ठोस प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने वित्त विभाग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट प्रदेश की विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और समाज के प्रत्येक वर्ग को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। मंत्रि-परिषद की बैठक सकारात्मक ऊर्जा और विकास के स्पष्ट विज़न के साथ संपन्न हुई, जिसमें आगामी वित्तीय वर्ष की प्राथमिकताओं और योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal