मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने खजुराहो लोकसभा के चंदला में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित, राम का अपमान करने वालों, रामभक्तों पर गोलियां चलाने वालों को सबक सिखाना है भारत को भव्य और दिव्य बनाने हर वोट मोदी जी को दिलाने का संकल्प लें हर बूथ को रिकॉर्ड मतों से जीतने का संकल्प लेकर चुनाव कार्य में जुटें कार्यकर्ता।

पांच सौ सालों के इंतजार के बाद भगवान राम का जो भव्य मंदिर अयोध्या में बना है, वह 1947 के बाद ही बन जाना था, लेकिन कांग्रेस ने हिंदू-मुस्लिमों को लड़ाने के लिए इस मुद्दे का लटकाए रखा। राम मंदिर आंदोलन के दौरान सपा की सरकार ने निहत्थे रामभक्तों पर गोलियां चलवाई। मामला जब कोर्ट में पहुंचा, तो कांग्रेस के वकीलों ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए। कांग्रेसियों का पेट इतने से नहीं भरा। कोर्ट के फैसले के बाद जब मंदिर बना और प्राण प्रतिष्ठा के लिए कांग्रेसियों को आमंत्रण दिया गया, तो उन्होंने उस निमंत्रण को ठुकराकर भगवान राम का अपमान किया। ये भगवान राम को ठुकराने वाले, हिंदुओं और हिंदुत्व का अपमान करने वाले, रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाले बुंदेलखंड में पैर जमाने की कोशिश कर रहे हैं, हमें इस चुनाव में इन्हें सबक सिखाना है। कमल का बटन दबाकर इनका हिसाब चुकता करना है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को खजुराहो लोकसभा के चंदला में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। 
दुनिया में भारतीय संस्कृति का परचम फहरा रही मोदी सरकारः डॉ. मोहन यादव 
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुंदेलखंड आल्हा-ऊदल का क्षेत्र रहा है, जिनकी तलवार की धाक दूर-दूर तक रही है। शताब्दियों से भारत की दुनिया में अलग पहचान रही है। लेकिन कुछ खराब समय आया और पहले बाहर से आए दुश्मनों और फिर कांग्रेस ने देश का नुकसान किया। लेकिन आज मोदी जी का समय है। मोदी सरकार आपकी अपनी सरकार है, भारतीय संस्कृति का परचम फहराने वाली सरकार है। देश का बच्चा-बच्चा मोदी मय है और देश के हर हिस्से, हर कोने से आवाज उठ रही है-’फिर एक बार, मोदी सरकार’। अब तो कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी यह कहने लगे हैं कि ’अबकी बार,400 पार’। अब पीओके के लोग भी मोदी जी को चाहते हैं मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश में जब सोनिया-मनमोहन की कांग्रेस सरकार बनी, तो उन्होंने अटलजी की सरकार की सारी योजनाओं, सारे विकास कार्यों को बंद कर दिया। स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी देश का कायाकल्प करने वाली योजना को भी बंद कर दिया। कांग्रेस के छोटे मियां राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से दस्तावेज फाड़कर मंत्रिमंडल के फैसलों का मखौल उड़ा रहे थे। आतंकवादी देश में कहीं भी हमला और बम धमाके करते रहते थे। लेकिन 2014 में प्रधानमंत्री श्री मोदी जी की सरकार आई। इसके बाद तो ऐसा माहौल बना कि हमारी सरकार ने आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारने का रिकॉर्ड बना दिया। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने न सिर्फ अटलजी के कामों को बढ़ाया, बल्कि देश को जिस तरीके से आगे बढ़ाया, उसे देखकर सारी दुनिया उनसे प्रेम करती है। अब तो पाक अधिकृत कश्मीर के लोग भी मोदी जी को चाहते हैं। सारी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ रहा है।
आप फिर मोदी जी की सरकार बनाइये, क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आपका क्षेत्र कला-संस्कृति, आचरण, विचार, वीरता और बहादुरी के साथ सर्वगुण संपन्न रहा है, लेकिन कमी रही तो बस इस बात की कि कांग्रेस की सरकारों की निगाह इस पर नहीं पड़ी। प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार ने इस क्षेत्र को 45 हजार करोड़ की लागत वाली केन-बेतवा लिंक परियोजना दी है, जो स्व. अटलजी का सपना था। इस परियोजना के पूरे हो जाने पर आपके क्षेत्र में भरपूर पानी होगा। खजुराहो में प्रधानमंत्री जी ने जी-20 की बैठक कराई। जल्द ही आपके यहां आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज खुलने जा रहा है। पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, एग्रीकल्चर और हार्टीकल्चर कॉलेज बनेंगे। आचार संहिता के बाद चंदला नगर परिषद को नगर पालिका बनाएंगे। इसके अलावा भी जो मांगें हैं, उन्हें पूरा करेंगे। फसलों को जो नुकसान हुआ, उसकी भरपाई की जाएगी। डॉ. यादव ने कहा कि आप एक बार फिर मोदी जी की सरकार बनाइये, अगले पांच सालों में इस क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। भारत को नं.1 बनाने के लिए हर वोट मोदी को दिलाने का संकल्प लें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्तमान में देश के सांस्कृतिक अनुष्ठान का पर्व चल रहा है। काशी में विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल महालोक और अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ है। धार की भोजशाला में सर्वे शुरू हो चुका है और जरूरत पड़ी तो हर कोर्ट में लड़ाई लड़ेंगे। डॉ. यादव ने कहा कि अगली बारी मथुरा में ’जय कन्हैयालाल की’ गुंजाने की है। डॉ. यादव ने कहा कि भारत को भव्य और दिव्य बनाने, दुनिया का नं.1 देश बनाने तथा मध्यप्रदेश को देश का नं.1 प्रदेश बनाने के लिए आप सभी हर वोट मोदी जी को दिलाने का संकल्प लें।
बूथ पर 370 नए मतदाता जोड़कर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाएं- श्री विष्णुदत्त शर्मा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में हमें 12 दिन का समय चुनाव प्रचार करने मिला था। देवतुल्य कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत का ही परिणाम है कि हमें खजुराहो लोकसभा में 4 लाख 93 हजार से अधिक मतों से विजय मिली। कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से चंदला विधानसभा के सभी 255 बूथों पर पार्टी को जीत मिली और रिकार्ड 68 प्रतिशत मत प्राप्त हुए हैं। भाजपा बूथ स्तर पर कार्य करने वाली पार्टी है। लोकसभा चुनाव में हम सभी को परिश्रम की पराकाष्ठा करते हुए खजुराहो लोकसभा के सभी बूथों पर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाना है। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने हर बूथ पर 370 नए मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सभी कार्यकर्ताआें को अपने-अपने बूथों पर 370 नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के चरणों में 370 नए कमल पुष्प अर्पित करना है।जनता का प्रधानमंत्री जी पर अटूट विश्वास, अधिक से अधिक मतदान कराएं प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र और विश्व गुरू बनाने के लिए श्री नरेन्द्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय मिलना आवश्यक है। पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर और मजबूती और सक्रियता के साथ कार्य करें और जो गलती से भी किसी अन्य राजनीतिक दल को अभी तक वोट देते थे, उन्हें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी गरीब कल्याण, सुशासन और जनहितैषी योजनाओं की जानकारी देकर मतदान करने के लिए प्रेरित करें। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति भारत की जनता का अटूट विश्वास है। आप सभी कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक मतदान कराना है। जितना अधिक मतदान होगा, भाजपा को उतनी ही ऐतिहासिक विजय मिलेगी।
कार सेवकों पर गोली चलाने वालों को सबक सिखाना है
प्रदेश अध्यक्ष व स्थानीय सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में तो कांग्रेस पार्टी पहले ही मैदान छोड़ चुकी है। खजुराहो लोकसभा क्षेत्र सहित पूरे मध्यप्रदेश में कांग्रेस का कोई जनाधार नहीं बचा है। खजुराहो से वह पार्टी चुनाव लड़ रही है जिसने अयोध्या जाने वाले कारसेवकों पर गोली चलवाकर सैकड़ों निहत्थे, श्रद्धालुओं का खून बहाया था। अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण के लिए ही कार सेवक आंदोलन कर रहे थे, जिन पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने गोलियां चलवाई थीं, कांग्रेस पार्टी आज उसी समाजवादी पार्टी को समर्थन कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठ हो चुकी है। भाजपा को लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक बहुमत से विजयी बनाकर कार सेवकों पर गोली चलाने वालों को जनता सबक सिखाए। सम्मेलन को प्रदेश शासन के मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने भी संबोधित किया। 
मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष ली पार्टी की सदस्यता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा के समक्ष चंदला विधानसभा के बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा की रीति नीति और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यो से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष ने सभी को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री चंद्रभान सिंह गौतम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हर प्रसाद पटेल लोकसभा संयोजक श्री सदानंद गौतम, पन्ना जिला अध्यक्ष श्री बृजेंद्र मिश्रा, श्री मनोज दीक्षित, श्री हर्षित शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री रूद पटेल, श्रीमती शोभा खटीक एवं पार्टी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आशीष अग्रवाल/बीके इंजी नरेश बाथम

न्यूज़ सोर्स : pradesh media/ mp1news Bhopal