जल गंगा संवर्धन अभियान से जल संरक्षण में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी,समारोह में नौसेना के बैण्ड की मनमोहक प्रस्तुति और पुस्तकों का हुआ विमोचन।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को उज्जैन में शिप्रा तट पर शिप्रा तीर्थ परिक्रमा के समापन समारोह में माँ शिप्रा को 351 फीट की चुनरी अर्पित की। इसके पहले उन्होंने धर्मपत्नी श्रीमती सीमा यादव के संग माँ शिप्रा की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चन की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान जन आंदोलन बन गया है। जनता की सहभागिता से जल संरक्षण में मध्यप्रदेश देश में अग्रणी राज्य बन गया है। समारोह में भारतीय नौसेना के बैंड ने रामघाट पर मनमोहक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अन्य अतिथियों के साथ "अंतर्जली यात्रा", "श्री शिप्रा महिमा" और "यह है मोहन की सरकार" पुस्तकों का विमोचन किया। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन सहित प्रदेशभर में गंगा दशहरा हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मुंबई से आए भारतीय नौसेना के बैंड की प्रस्तुति ने सभी को आनंदित किया है। बैंड के सदस्यों ने संगीत मय कार्यक्रम से रामघाट पहुंचे नागरिकों को मनमोहक धुनें सुनवाकर इस शाम को यादगार बना दिया है। मोक्ष दायिनी मां शिप्रा की दो दिवसीय तीर्थ परिक्रमा मंगलवार को संपन्न हुई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।  

जल संचयन और जल संरक्षण में आगे है मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेशभर में जल गंगा संरक्षण अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। सभी प्रमुख तालाब, कुएं, बावड़ी, पोखर, नदियों के उद्मम स्थलों पर जनसहयोग के जरिए जल संचयन के लिए कार्य जारी हैं। अब तक लगभग 2 लाख से अधिक काम पूरे किए गए हैं।  

इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य महंत श्री उमेश नाथ महाराज, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, विधायक श्री जितेंद्र पंड्या, उज्जैन के महापौर श्री मुकेश टटवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री नवीन सोलंकी, नगर निगम की सभापति श्रीमती कलावती यादव, जिलाध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल, ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री राजेश धाकड़, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री रामलाल मालवीय अनेक निगम-मंडलों के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

 

 अशोक मनवानी/बीके इंजी.नरेश बाथम

न्यूज़ सोर्स : mpinfo/mp1news Bhopal