माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में अकादमिक सत्र 2025-26 का शुभारंभ ‘अभ्युदय’ कार्यक्रम के साथ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने परिसर में महाकवि व स्वतंत्रता सेनानी दादा माखनलाल चतुर्वेदी की 12 फीट ऊँची प्रतिमा का अनावरण किया और पौधरोपण भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पत्रकारिता समाज का मार्गदर्शन करने वाली शक्ति विश्वविद्यालय ने 35 वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित की है और यहां से निकले पत्रकारों ने मीडिया जगत में मानक स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा पत्रकारिता समाज संचालन का एक अहम स्तंभ है। नारद और हनुमानजी जैसे व्यक्तित्व पत्रकारिता के आदर्श उदाहरण हैं। माखनलाल चतुर्वेदी की पत्रकारिता ने जिस परंपरा की नींव रखी थी, एमसीयू आज भी उसे जीवित रखे हुए है।

मुख्य वक्ता डॉ. कुमार विश्वास ने छात्रों से कहा कि पत्रकारिता की असली पूँजी है विश्वसनीयता पत्रकारिता एक चुनौतीपूर्ण लेकिन गौरवशाली पेशा है। उन्होंने कहा देश में आज भी छपे और बोले गए शब्दों पर जनता का भरोसा कायम है। इस भरोसे को बचाए रखना आने वाली पीढ़ी की जिम्मेदारी है। जनता क्या देखना चाहती है, यह कहना झूठ है। लोकरुचि बनाने और मार्गदर्शन करने का काम पत्रकार का है। अपने विचारों से तटस्थ होकर लिखना ही सच्ची पत्रकारिता है। अगर अच्छा पत्रकार बनना है तो कम से कम तीन साल प्रिंट मीडिया में दें, वहीं से भाषा का संस्कार मिलता है। रामायण प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने हनुमानजी की खोजी प्रवृत्ति, अंगद की निर्भीकता और तटस्थता को पत्रकारिता के लिए प्रेरक बताया।

वरिष्ठ संपादक एन. रघुरामन ने सॉफ्ट स्किल्स पर संवाद किया और कहा कि सफलता के लिए व्यवहार-कौशल, पूर्वाग्रहों से मुक्ति और धैर्य बेहद जरूरी हैं।

फिल्मकार आशीष कुलकर्णी ने एआई और बदलती तकनीक पर चर्चा करते हुए कहा कि आने वाले समय में मीडिया में वीडियो, वर्नाकुलर कंटेंट और वॉइस की भूमिका तेजी से बढ़ेगी। विश्वविद्यालय की पूर्व छात्राएँ निधि परमार, जूही कुलश्रेष्ठ और स्वाति कौशिक ने अपने अनुभव साझा किए।

कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने कहा कि आने वाले समय में नए विषयों पर पाठ्यक्रम शुरू होंगे विश्वविद्यालय एआई, डीप फेक और साइबर सिक्योरिटी पर नए कोर्स शुरू करेगा। साथ ही, परिसर में देश के प्रमुख समाचार पत्रों के ऐतिहासिक प्रथम पृष्ठों की एक विशेष गैलरी भी स्थापित की गई है।

कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों में कवि डॉ. कुमार विश्वास, कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी, मंत्री कृष्णा गौर, मेयर मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी, रामेश्वर शर्मा, उमाकांत शर्मा और जनसम्पर्क आयुक्त डॉ. सुदाम खाडे उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन क्रमशः विनय उपाध्याय, प्रो. सी.पी. अग्रवाल, डॉ. अविनाश वाजपेयी और डॉ. अनीता सोनी ने किया तथा आभार कुलसचिव प्रो. डॉ. पी. शशिकला ने व्यक्त किया।

प्रो. पवित्र श्रीवास्‍तव/बीके इंजी नरेश बाथम 

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopall