नई दिल्ली । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राज्य के दौरे पर आने के लिए आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री मान ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के साथ मुलाकात की और उनसे आग्रह किया कि उन्हें महान गुरुओं, संतों, पीरों और पैगंबरों की धरती पंजाब जरूर आना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू से कहा राज्य के लोगों का सौभाग्य होगा यदि आप पंजाब राज्य के दौरे का आमंत्रण स्वीकार करेंगी।
मुख्यमंत्री मान ने राष्ट्रपति मुर्मू को बताया कि पंजाब सभ्यता का पालना है। राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत निश्चित ही उन्हें प्रभावित करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब का महात्म्य यहां आकर ही समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारत के राष्ट्रपति को पंजाबियों की गरिमापूर्ण मेहमान-नवाज़ी का आनंद लेने के साथ-साथ इसकी शानदार सांस्कृतिक विरासत को देखने के लिए अनिवार्य रूप से राज्य का दौरा करना चाहिए। भगवंत मान ने कहा पंजाब आने पर देश के राष्ट्रपति का समूचे राज्य निवासियों द्वारा स्नेहपूर्ण स्वागत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि उनका जर्मनी दौरा राज्य में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। सीएम भगवंत मान ने कहा कि बर्लिन, म्यूनिख और फ्रैंकफर्ट के दौरे के दौरान वह निर्माण, पर्यटन, फार्मास्यूटिकल और अन्य क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों के प्रमुखों से मुलाकात करेंगे और उन्हें पंजाब आने के लिए आमंत्रित करेंगे। उन्होंने कहा कि समूचे प्रयासों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पंजाब देश और विश्व भर में निवेश के लिए सबसे पसंदीदा स्थान के तौर पर उभरे।
मुख्यमंत्री ने राज्य को औद्योगिक केंद्र के रूप में उभारने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार इसके लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही है। भगवंत मान ने कहा कि एक ओर राज्य के औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और दूसरी ओर नौजवानों के लिए रोजग़ार के नए रास्ते खोलने के लिए अथक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल माहौल है, जिस कारण निवेशक राज्य में आने और यहां अपना कारोबार बढ़ाने में रूचि दिखा रहे हैं।