“मध्य प्रदेश वित्त सेवा संघ ने डिजिटल युग में बढ़ाया कदम”

मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मंत्रालय में मध्य प्रदेश वित्त सेवा संघ की अधिकृत वेबसाइट का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक आज प्रशासनिक कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है और यह वेबसाइट वित्त सेवा अधिकारियों एवं अन्य विभागों के अधिकारियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि इससे विभागीय सूचनाओं के आदान-प्रदान में तेजी आएगी तथा पारदर्शिता और सुशासन को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में वित्त सेवा संघ के अध्यक्ष रणजीत सिंह चौहान ने वेबसाइट की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि पूरे भारत में किसी भी कर्मचारी अथवा अधिकारी संघ द्वारा ऑनलाइन चुनाव प्रक्रिया की ऐसी व्यवस्था अब तक नहीं की गई है। मध्य प्रदेश वित्त सेवा संघ ने इस दिशा में पहल करते हुए अपने चुनावों को पूर्णतः ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के किसी भी जिले में पदस्थ वित्त सेवा अधिकारी अपने संघ के चुनाव हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, नाम वापसी कर सकेंगे तथा ऑनलाइन मतदान की सुविधा का उपयोग भी कर पाएंगे। इससे चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल एवं समयबद्ध बनेगी।

अध्यक्ष चौहान ने बताया कि वेबसाइट केवल चुनाव प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह वित्त सेवा अधिकारियों के लिए एक व्यापक सूचना मंच के रूप में कार्य करेगी। वेबसाइट पर राज्य के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए उपयोगी वित्तीय पुस्तकों की जानकारी उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही कार्यरत एवं सेवानिवृत्त वित्त सेवा अधिकारियों से संबंधित समस्त जानकारी, अन्य राज्यों के वित्त सेवा संघों का विवरण, संघ द्वारा शासन को भेजी गई मांगों की जानकारी तथा शासन द्वारा वित्त सेवा से संबंधित जारी सभी महत्वपूर्ण निर्देश भी एक ही मंच पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वेबसाइट के माध्यम से अधिकारियों को आवश्यक सूचनाएं एक क्लिक पर प्राप्त होंगी, जिससे कार्य में सुविधा और समन्वय दोनों बढ़ेंगे। डिजिटल माध्यम अपनाने से संघ की गतिविधियों में पारदर्शिता और सहभागिता को भी प्रोत्साहन मिलेगा। वित्त सेवा संघ के अध्यक्ष रणजीत सिंह चौहान ने यह भी अवगत कराया कि आगामी कार्यकारिणी के लिए संघ के ऑनलाइन चुनाव जून 2026 में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह नई डिजिटल पहल भविष्य में अन्य कर्मचारी संगठनों के लिए भी प्रेरणा बनेगी तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को आधुनिक और प्रभावी स्वरूप प्रदान करेगी।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal