वाराणसी | जी-20 की तैयारियों के मद्देनजर नगर निगम को चार करोड़ रुपये मिल गए हैं। इस धनराशि से शहर के सुंदरीकरण का कार्य जल्द शुरू होगा। शहर को सजाने संवारने में स्थानीय संस्थाओं की मदद ली जाएगी। इसके लिए कई संस्थाओं से संपर्क किया गया है। बाबतपुर एयरपोर्ट से बीएचयू के बीच पड़ने वाले सभी फ्लाईओवर और फुट ओवरब्रिज सजाए जाएंगे।नगर निगम की ओर से शहर में लैंड स्केपिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा हार्टिकल्चर से जुड़े कार्य कराने की योजना है।

सड़क किनारे पेड़ पौधे लगाए जाएंगे। प्रमुख चौराहों पर आकर्षक लाइटिंग व फव्वारे की व्यवस्था होगी। गंगा घाटों पर पर फसाड लाइटिंग कराई जाएगी। यही नहीं शहर की ब्रांडिंग कराने की पूरी कार्ययोजना बनाई गई है। इन सभी कार्यों के लिए टेंडर कराया गया है। जल्द ही ये सभी कार्य शुरू हो जाएंगे। इसके लिए नगर निगम स्तर पर बैठक हो गई है। अलग-अलग कार्यों को कराने की जिम्मेदारी दी गई है। पहले चरण में शहर से अतिक्रमण हटवाने का कार्य कराया जा रहा है। नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने बताया कि जी-20 की तैयारियों के लिए 20 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। अभी चार करोड़ रुपये मिले हैं। टेंडर कराया गया है। मिली धनराशि से बाबतपुर से विश्वनाथ मंदिर, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से बीएचयू तक सुंदरीकरण के कार्य कराए जाएंगे।