ठंड के बाद अब देश के मैदानी इलाकों में लगातार तापमान बढ़ रहा है। हालांकि, कई राज्यों में बारिश जैसे आसार भी बने हुए है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। खासकर पूर्वोत्‍तर और पूर्वी भारत में हाल ऐसा ही रहने वाला है। इससे पहले मध्य भारत के कई क्षेत्रों में बारिश हुई थी।

दूसरी ओर होली के बाद राजधानी दिल्ली का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। हालांकि, आज के लिए IMD ने बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, 26 मार्च यानी आज पूर्वी और पूर्वोत्‍तर राज्‍यों के कई हिस्‍सों में बादल छाए रहने के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में बारिश और तूफान जैसे आसार बने रहेंगे।

आज कहां-कहां होगी बारिश?

पिछले 24 घंटों के दौरान,  पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश हुई। स्काइमेट वेदर के अनुसार,  अगले 2 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 26 मार्च को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में छिटपुट हल्की बारिश संभव है और अगले 2 से 3 दिनों के दौरान इसमें वृद्धि होगी। वहीं, अगले 3 दिनों में पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश संभव है।

यहां जानिए अगले 2 दिनों का वेदर अपडेट

आज अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा/बर्फबारी की संभावना है। खासकर गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

कहां कितना रहेगा तापमान?

  • दक्षिणी राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात,  महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु में अधिकतम तापमान 36-40 डिग्री सेल्सियस के बीच है जो सामान्य से 1-3 डिग्री सेल्सियस ऊपर है। वहीं, भारत के मैदानी इलाकों के शेष हिस्सों में यह 30-35 डिग्री सेल्सियस के बीच है जो सामान्य से 1-4 डिग्री सेल्सियस कम है। 
  • ओडिशा, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण तटीय तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में आने वाले दिनों में तापमान बढ़ेगा। 
  • 25 से 29 मार्च के दौरान तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में गर्म मौसम रहने की संभावना है।