मास्को । जी20 में भारत ने अपनी कूटनीतिक का लोहा दु‎निया को मनवा ‎दिया है। उसी कूटनीति के जरिए अपने सबसे सदाबहार दोस्त रूस को भी भारत ने खुश कर दिया। इन ‎दिनों जी20 के दौरान की एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसकी चर्चा भारत से ज्यादा रूस में हो रही है। इस तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खिलखिला रहे हैं और उन्होंने जिस शख्स का हाथ मजबूती से पकड़ रखा है वो रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव हैं। सोशल मीडिया में लोगों में उत्सुकता है कि आखिर दोनों नेताओं में ऐसी क्या बात हुई होगी कि पीएम मोदी ठहाका लगाकर हंसने लगे। जी20 के साझा घोषणापत्र में यूक्रेन युद्ध के जिक्र के बावजूद रूस के विदेश मंत्री न केवल बैठक से खुश थे बल्कि जी20 के साझा घोषणापत्र से भी संतुष्ट थे। अमेरिका और पश्चिमी देशों को खुश करने के लिए जी20 के साझा घोषणापत्र में भले ही यूक्रेन युद्ध का जिक्र किया गया था। लेकिन बड़े ही कूटनीतिक तरीके से उस साझा घोषणापत्र में रूस का नाम नहीं था। 
गौरतलब है ‎कि साझा घोषणापत्र में यूक्रेन के खिलाफ युद्ध की जगह यूक्रेन में युद्ध लिखा गया था। रूस के राष्ट्रपति पुतिन भले ही भारत नहीं आए। लेकिन दोस्त पीएम मोदी ने दिल्ली में बैठे-बैठे पुतिन को राहत दे दी। अब रूस की मीडिया ने भी भारत की जी20 की खुलकर तारीफ की है। रूस की सरकारी मीडिया एजेंसी ने कहा कि जी20 का शानदार आयोजन किया गया। इसका यूक्रेनीकरण नहीं होने दिया गया। भारत और रूस एक दूसरे के स्वाभाविक दोस्त हैं। इतिहास में कई ऐसे मौके रहे जब पश्चिमी देश भारत के खिलाफ थे तब रूस भारत के साथ खड़ा था।