ईरान संकट से विमान सेवाएं प्रभावित, लखनऊ एयरपोर्ट पर हड़कंप
लखनऊ|अमेरिका व इस्राइल की ओर से ईरान पर किए गए हमले के बाद खाड़ी देशों से लखनऊ का एयर नेटवर्क पूरी तरह कट गया है। दुबई व ईरान का एयरस्पेस बंद होने से विमानों का संचालन ठप हो गया है, जिससे लखनऊवासी खाड़ी देशों में फंसे हैं। रविवार को खाड़ी देशों को आने-जाने वाली 17 उड़ानों को निरस्त कर दिया गया। इसमें दम्माम, रियाद, आबूधाबी, शारजाह आदि एयरपोर्टाें की उड़ानें शामिल हैं। आलम यह रहा कि रविवार को लखनऊ से इन देशों के लिए एक भी उड़ान रवाना नहीं हो सकी। इतना ही नहीं करीब ढाई हजार यात्रियों को अपने टिकट निरस्त करने पड़े।चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार को अलग ही नजारा देखने को मिला। नए टर्मिनल टी थ्री पर जहां से इंटरनेशनल उड़ानों का संचालन होता है, वह पूरी तरह खाली नजर आया। लखनऊ से खाड़ी देशों मस्कट, अबुधाबी, शारजाह, दम्माम, रियाद, दुबई को जाने के लिए यात्री नहीं थे। न ही इन देशों से विमान लखनऊ आ रहे थे। ईरान व दुबई का एयरस्पेस बंद होने से विमानों का संचालन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इसके चलते लखनऊ से खाड़ी देशों को जाने वाली नौ उड़ानों को निरस्त करना पड़ा। जबकि खाड़ी देशों से आने वाली आठ उड़ानें संचालित नहीं हुई। लखनऊ से बड़ी संख्या में रोजगार के लिए बहराइच, गोंडा, सुलतानपुर, बलरामपुर सहित आसपास के कई जिलों के लोग दुबई, सऊदी अरब सहित कई देशों को जाते हैं।
2500 टिकट हुए कैंसिल, आठ मार्च के बाद जारी होंगे टिकट
लखनऊ से खाड़ी देशों को जाने वाले विमानों के ढाई हजार टिकट रविवार को निरस्त किए गए। इसमें मस्कट, दुबई, आबूधाबी, दम्माम, रियाद आदि के विमानों के टिकट शामिल रहे। हालांकि एयरलाइनों की ओर से यात्रियों को जानकारी दी गई कि अभी हालात सामान्य नहीं हैं। ऐसे में आठ मार्च के बाद ही यात्रियों को एयर टिकट जारी किए जाएंगे।
पूछताछ काउंटरों पर उमड़ी भीड़
लखनऊ एयरपोर्ट पर एयरलाइन कंपनियों के काउंटरों पर रविवार को भीड़ नजर आई। इसमें जिन यात्रियों की रविवार व आने वाले दिनों में फ्लाइट थे, वे परेशान नजर आए। एयरलाइन कंपनियों ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। बावजूद इसके जो लोग खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं, उनके परिजन एयरपोर्ट पर पूछताछ काउंटरों तक पहुंचे। उनके सवालों के जवाब एयरलाइन प्रतिनिधियों ने दिए।
ट्रेवेल एजेंटों से मांग रहे मदद
लखनऊ से खाड़ी देशों को ऐसे लोग भी गए, जो कामकाज या घूमने के सिलसिले में गए थे। अचानक एयरस्पेस बंद होने से उनके सामने लौटने का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में लोग उन ट्रेवेल एजेंटों से भी मदद मांग रहे हैं, जिनसे उन्होंने टिकट बुक करवाए हैं। एयरवॉक ट्रेवेल एजेंसी के आतिफ ने बताया कि खाड़ी देशों में कई ऐसे लोग भी फंसे हुए हैं, जो दो से तीन दिन के लिए गए हुए थे और उन्हें गत दिवस वापस लौटना था। अब उनके सामने रुकने, खाने-पीने आदि का संकट पैदा होगा, इससे उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं। मदद मांग रहे हैं।
ये फ्लाइटें हुईं निरस्त
मस्कट से लखनऊ आने वाली ओवी 705, दिल्ली से लखनऊ आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस आइएक्स 2171, अबुधाबी से लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-1416, शारजाह से लखनऊ आने वाली 6ई-1424, रियाद से लखनऊ आने वाली एक्सवाइ 333, दुबई से लखनऊ आने वाली आइएक्स 194, रियाद से लखनऊ आने वाली आइएक्स-190, दम्मा से आने वाली 6ई-098 निरस्त रहीं। वहीं लखनऊ से दुबई जाने वाली आइएक्स 193, लखनऊ से मस्कट जाने वाली ओवी 706, लखनऊ से रियाद जाने वाली आइएक्स 18 व एक्सवाइ 334, लखनऊ से दुबई जाने वाली आइएक्स 197, लखनऊ से दिल्ली जाने वाली आइएक्स 2170, आबुधाबी जाने वाली 6ई-1415, दम्माम जाने वाली 6ई-097 व शारजाह जाने वाली 6ई-1423 कैंसिल रहीं।

जादू-टोने के शक में युवक ने की बुजुर्ग महिला की हत्या
मध्य-पूर्व तनाव का असर: दुबई में रुके महाकाल के पुजारी, परिजनों की बढ़ी चिंता
चेक बाउंस: न डरें, न हल्के में लें; जानिए जेल का डर कितना सच और धारा 138 में क्या है सजा और कब होती है सख्ती?
‘परमीशन’ विवाद से गरमाया माहौल, सोशल मीडिया पर वीडियो चर्चा में