Bhopal: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी करना वाला युवक गिरफ्तार हो गया है। भोपाल के जंबूरी मैदान में करणी सेना के आंदोलन के दौरान युवक पर मुख्यमंत्री शिवराज के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए नारेबाजी करने का आरोप है। जिसको लेकर पुलिस ने हरियाणा से युवक को पकड़ा है।
आंदोलन का वीडियो हुआ वायरल
करणी सेना के आंदोलन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक मुख्यमंत्री शिवराज के खिलाफ गाली-गलौज करते हुए नारेबाजी कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाशी शुरू की। बता दें कि जंबूरी मैदान में पिछले दिनों करणी सेना का 21 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन चल रहा था।
ट्विटर पर भी निकाली थी भड़ास
गाली-गलौज करने वाले युवकों में शामिल ओकेंद्र राणा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर भी मुख्यमंत्री शिवराज के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली थी। जिसके बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने चार पुलिसकर्मियों की एक टीम बनाई और हरियाणा जाकर ओकेंद्र राणा को गिरफ्तार किया।
गोविंदपुरा संभाग के सहायक पुलिस आयुक्त आशुतोष तिवारी ने बताया कि वायरल वीडियो को लेकर मिली शिकायत पर मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। जिसके बाद आला अधिकारियों ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिसकर्मियों की एक टीम बनाई थी। टीम ने गुरुवार को ओकेंद्र राणा को हरियाणा से गिरफ्तार किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ओकेंद्र को गिरफ्तार करने के बाद पुलिसकर्मी भोपाल के लिए रवाना हुए। पुलिस आरोपित को लेकर शाम तक भोपाल पहुंच सकती है। फिलहाल युवक के बाकी साथियों की तलाश जारी है।                          सीएम को गाली दिलाने में दो मंत्रियों का हाथ
अखिल भारतीय ओबीसी महासभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट तुलसीराम पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को गाली दिलाने के पीछे प्रदेश के मंत्रियों का हाथ है। तुलसीराम ने मंत्री नरोत्तम मिश्रा और अरविंद भदौरिया की शह पर करणी सेना के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को गाली देने का आरोप लगाया है।  तुलसीराम ने कहा कि जब तक करणी सेना के उच्च पदाधिकारियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती ओबीसी महासभा चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा और सरकार में सामंतवाद एवं ब्राह्मणवाद पूरी तरह से हावी है जो ओबीसी-एसटी-एससी अल्पसंख्यक समाज को उनके अधिकारों और उनके मान-सम्मान को बुरी तरह से नष्ट करना चाहते हैं। वे लोग कान खोल के सुन ले। इसका जवाब समय आने पर जरूर दिया जाएगा।