गहोई दिवस पर समाज की एकता और प्रतिभा का हुआ भव्य सम्मान, मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने दिया सामाजिक प्रेरणा का संदेश। मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने ग्वालियर के रंग महल गार्डन में गहोई सेवा संस्थान एवं गहोई वैश्य समाज द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले गहोई दिवस समारोह में विशेष रूप से सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने समाज के विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा और सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला।

मंत्री कुशवाह ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सामाजिक आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने, नई पीढ़ी को प्रेरणा देने और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि गहोई वैश्य समाज ने शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं, व्यापार और सामाजिक सेवा के क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। यह समाज की संगठित शक्ति और संस्कारों का परिणाम है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने समाज के उन प्रतिभाशाली सामाजिक बंधुओं को सम्मानित किया, जिन्होंने प्रशासनिक सेवाओं एवं शिक्षा के क्षेत्र में उच्च स्थान प्राप्त कर समाज को गौरवान्वित किया है। मंत्री ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि इन उपलब्धियों से समाज के अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

इस अवसर पर मंत्री कुशवाह द्वारा गहोई सेवा संस्थान एवं गहोई वैश्य समाज के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। उन्होंने संस्थान द्वारा किए जा रहे सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज की मजबूती ही राष्ट्र की मजबूती का आधार होती है।

कार्यक्रम में विशेष रूप से उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त आचार्य श्याम बिहारी गुप्ता, गहोई सेवा संस्थान के अध्यक्ष महेश नीखार, संस्थापक अशोक कस्तवार, महामंत्री गुलजारी लाल गुप्ता, दिलीप तपा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, वरिष्ठजन, युवा वर्ग, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्ति उपस्थित रहे।

समारोह का वातावरण उत्साह, गौरव और सामाजिक समरसता से परिपूर्ण रहा। गहोई दिवस कार्यक्रम ने समाज की एकजुटता, प्रतिभा और सेवा भाव को सशक्त रूप से प्रदर्शित करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक संदेश दिया।

न्यूज़ सोर्स : mp1news Bhopal