कृषि में हम और आप जनता के साथ मिलकर प्रदेश को नं.1 बनायेंगे

किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने कहा है कि प्रदेश के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, अब कृषि विस्तार अधिकारी कहे जायेंगे। उन्होंने कहा कि हम और आप जनता जनार्दन के साथ मिलकर मध्यप्रदेश को कृषि के क्षेत्र नं.1 प्रदेश बनायेंगे। कृषि मंत्री श्री कंषाना कृषि विभाग के अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कृषि मंत्री श्री कंषाना ने आश्वस्त किया कि विभागीय अधिकारियों/कर्मचारियों की समस्याओं का नियमानुसार 15 दिन में निराकरण किया जायेगा।

कृषि मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि कृषि विस्तार अधिकारी कृषि विभाग की रीढ़ है। हम सभी को मिलकर जुट जाना चाहिये जिससे राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश को आठवीं बार भी कृषि कर्मण अवार्ड प्राप्त हो। उन्होंने विभाग में कार्य करने वाले ईमानदार अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके काम में बाधा डालने की किसी भी व्यक्ति को इजाजत नहीं दी जायेगी।

कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुसार हमे किसानों की आय को दोगुना करने के लिए सभी प्रयास करने होंगे। इसमें कृषि विभाग के सभी अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि किसानों उच्च गुणवत्ता का सही बीज मिले, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। किसानों के साथ इस मामले में धोखाधड़ी करने वालों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जायेगा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त श्री सुल्तान सिंह शेखावत, राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष श्री डी.के. यादव, राज्य कर्मचारी संघ के महामंत्री श्री हेमंत श्रीवास्तव, कृषि अधिकारी संघ के अध्यक्ष डॉ.अजय कौशल कृषि विकास अधिकारी संघ के अध्यक्ष श्री दिलावर सिंह कौरव, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संघ के अध्यक्ष श्री मनोहर गिरी सहित प्रदेश अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 अलूने/बीके इंजी नरेश बाथम

न्यूज़ सोर्स : mpinfo/ mp1news Bhopal